वर्मा परिवार के लिए आज की सुबह वज्रपात लेकर आई
आगरा। राधा विहार एक्सटेंशन, कमलानगर निवासी पवन कुमार वर्मा के परिवार के लिए आज की सुबह वज्रपात लेकर आई। पूरा परिवार बड़ा बदवहास की स्थिति में घर का ताला बंद कर अपने लाल की अंतिम झलक पाने के लिए दौड़ पड़ा।
आज सुबह बज्र विहार पुलिस चौकी से एक सिपाही जैसे ही ए-5 राधा विहार एक्सटेंशन निवासी पवन कुमार वर्मा के आवास पर पहुंचा तो परिजन चौंक गए पर जैसे ही उसने उनके होनहार लाल डॉ. अनिरुद्ध वर्मा के रोड एक्सीडेंट में मौत की खबर दी तो होशफाख्ता हो गए।
घर में करुण क्रंदन होने लगा। सभी परिजन जैसे थे, उसी हालात में घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। वर्मा परिवार पर टूटे वज्रपात की जानकारी मिलते ही आस पड़ोस के लोग भी गमगीन हो गए हैं। कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई और हर व्यक्ति इस दुखद घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहा है।
गौरतलब है कि सैफई मेडिकल कॉलेज में तैनात पांच डॉक्टरों की आज तड़के रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। ये चिकित्सक मंगलवार शाम किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए लखनऊ गए थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे सभी कार में सवार होकर सैफई के लिए निकले थे।
कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 196 पर पहुंची थी कि तभी अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए आगरा से लखनऊ वाली साइड में जा पहुंची और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इसमें कार सवार अनिरुद्ध वर्मा पुत्र पवन कुमार वर्मा (उम्र 29 वर्ष) निवासी A 5 राधा विहार एक्सटेंशन कमला नगर आगरा, संतोष कुमार मोर्य पुत्र जीत नारायण मौर्य निवासी राजपुरा भाग 3 भदोही संत रविदासनगर हाल पता टाइप 2 ब्लॉक 306 न्यू कैंपस रिम्स सैफई, अरुण कुमार पुत्र अंगद लाल तेरामल निवासी मोतीपुर कन्नौज, नरदेव पुत्र राम लखन गंगवार निवासी बायपास रोड नजदीक श्याम चरण स्कूल नवाबगंज बरेली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जयवीर सिंह पुत्र करण सिंह निवासी 9B 568 फेस टू मझोला योजना नंबर चार बुद्ध विहार मुरादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।