वैष्णो देवी मंदिर मार्ग हादसे में आगरा के तीन श्रद्धालुओं की मौत, तीन युवकों समेत पांच लापता

आगरा। जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए लैंडस्लाइड हादसे में आगरा के लिए भी दुखदायी खबरें सामने आई हैं। शहर के छीपीटोला निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की दुखद मौत हो गई है, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। इधर, खेरागढ़ क्षेत्र से गए पांच युवकों में से तीन नदी की धारा में बहकर गायब हो गए हैं, जिनका अभी पता नहीं चल पाया है। घटनाओं से आगरा में शोक और मातम का माहौल है।

Aug 27, 2025 - 22:44
 0
वैष्णो देवी मंदिर मार्ग हादसे में आगरा के तीन श्रद्धालुओं की मौत, तीन युवकों समेत पांच लापता

छीपीटोला का परिवार हादसे का शिकार

जानकारी के अनुसार छीपीटोला से सात सदस्यीय परिवार वैष्णो देवी की यात्रा पर गया था। मंदिर मार्ग पर भारी बारिश के बीच अचानक हुए लैंडस्साइड की चपेट में परिवार आ गया।
रकाबगंज, कुम्हारपाड़ा निवासी 55 वर्षीय अर्जुन सिंह अपने परिजनों संग दर्शन को गए थे। हादसे में अर्जुन सिंह की पत्नी 50 वर्षीय सुनीता, 11 माह की पोती सेजल और 11 वर्षीय पोती भावना की मौत हो गई। अर्जुन सिंह और एक अन्य सदस्य अब भी लापता हैं।
जम्मू प्रशासन ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से आगरा रवाना कर दिया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

खेरागढ़ के पांच दोस्तों में से तीन लापता

खेरागढ़ कस्बे के व्यापारी विनोद बंसल का बेटा अपने चार दोस्तों संग 23 अगस्त को धौलपुर के सैंपऊ से ट्रेन द्वारा यात्रा पर निकला था। इनमें यश गर्ग पुत्र शशिकांत गर्ग, प्रांशु पुत्र सुनील मित्तल, आदित्य पुत्र हरिओम परमार और दीपक मित्तल पुत्र विष्णु मित्तल शामिल थे।
सभी ने दो दिन पहले ही माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लिए थे। वापसी से पहले अन्य मंदिरों के दर्शन के लिए सभी ने 6 हजार रुपये में कार बुक की। रास्ते में पहाड़ से अचानक पेड़ गिरा और तेज बहाव में सभी यात्री गाड़ी सहित नदी में जा गिरे।

दो बचे, तीन अब तक लापता

इस गंभीर हादसे में दीपक और आदित्य किसी तरह तैरकर बाहर आ गए। कुछ देर बाद कार चालक भी सुरक्षित निकल आया। मगर यश, प्रांशु और शिव नदी की धारा में बहकर लापता हो गए। एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार तलाश कर रही है लेकिन अब तक तीनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है।

आगरा में छाया मातम

एक ही दिन दो अलग-अलग हादसों की खबरों ने आगरा शहर को झकझोर दिया है। छीपीटोला के परिवार की मौत और खेरागढ़ के युवकों के लापता होने की खबर सुनकर परिजनों में रो-रोकर बुरा हाल है।

SP_Singh AURGURU Editor