खंदौली में जुआ खेलने से रोकने पर दबंगों की गुंडई, दंपति को पीटा और पत्नी के कपड़े फाड़ने का आरोप
आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के गांव बास जोखी में खेत में जुआ खेलने का विरोध करने पर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश कुमार का आरोप है कि जुआ खेलने से रोकने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी को भी पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़ित ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राजेश कुमार निवासी बास जोखी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को वह खेत में शौच के लिए गए थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। इसी दौरान खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। राजेश ने आवाज देकर पूछा कि वहां कौन है। आरोप है कि इस पर एक आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह अपने खेत में जुआ खेल रहा है।
राजेश के विरोध करने पर चार आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच राजेश की पत्नी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की, उसके कपड़े फाड़ दिए और मुंह पर मुक्का मारा।
मारपीट में राजेश के गर्दन और हाथ में गंभीर चोटें आने की बात कही गई है। पीड़ित के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले।
घटना के बाद राजेश कुमार ने थाना खंदौली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है।