महादेव-सती की गाथा से राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम तक, ब्रजरज उत्सव में शिवानी मिश्रा की ‘कलर्स ऑफ यूपी’ ने बांधा समां

मथुरा। ब्रजरज उत्सव में कथक नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर शिवानी मिश्रा की नृत्य प्रस्तुति ‘कलर्स ऑफ यूपी’ में उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग साकार हुए। धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड में प्रस्तुत इस नृत्य यात्रा में महादेव-सती की अमर गाथा, प्रभु श्रीराम की मर्यादा, मां विंध्यवासिनी की महिमा और राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम को नृत्य और संगीत के माध्यम से जीवंत किया गया।

Oct 28, 2026 - 21:27
 0
महादेव-सती की गाथा से राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम तक, ब्रजरज उत्सव में शिवानी मिश्रा की ‘कलर्स ऑफ यूपी’ ने बांधा समां
ब्रजरज उत्सव में शिवानी मिश्रा की नृत्य प्रस्तुति कलर्स ऒफ यूपी की एक झलक। 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित ब्रजरज उत्सव के अंतर्गत हुई इस प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रदेश की पौराणिक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराया। शिवानी मिश्रा के निर्देशन में कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों को भावपूर्ण नृत्य के जरिए मंच पर उतारा।

प्रस्तुति की शुरुआत देवाधिदेव महादेव और माता सती की अमर गाथा से हुई। नृत्य के माध्यम से प्रेम, त्याग और समर्पण के भावों को अभिव्यक्त किया गया। इसके बाद प्रभु श्रीराम की महिमा और अयोध्या की धार्मिक विरासत पर आधारित प्रसंगों ने मर्यादा, धर्म और आदर्श जीवन के संदेश को सामने रखा।

अगली कड़ी में मां विंध्यवासिनी की आराधना के जरिए शक्ति, श्रद्धा और भक्ति के भाव प्रस्तुत किए गए। देवी की महिमा पर आधारित नृत्य ने प्रस्तुति में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।

राधा के विरह और कृष्ण प्रेम ने मोहा मन

प्रस्तुति का भावपूर्ण पक्ष राधा के विरह पर आधारित रहा। श्रीकृष्ण की प्रतीक्षा में राधा की व्याकुलता, उनकी स्मृतियों और अंतर्मन में उठते भावों को कथक की मुद्राओं और भावाभिनय के जरिए उकेरा गया। इस प्रसंग में प्रेम की उस अनुभूति को दर्शाया गया, जो सांसारिक भावनाओं से आगे बढ़कर भक्ति और आध्यात्मिक समर्पण का रूप ले लेती है।

शिवानी मिश्रा की प्रस्तुति का समापन मथुरा-वृंदावन की समृद्ध भक्ति परंपरा और राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम के चित्रण के साथ हुआ। नृत्य और संगीत के समन्वय ने ब्रज की सांस्कृतिक पहचान तथा उत्तर प्रदेश की विविध आध्यात्मिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता, विप्रा सचिव आशीष कुमार सिंह, परिषद के एसीईओ राजीव पाण्डेय, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, सहायक अभियंता जेके जैन और अनूप शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor