मदरा में नेटवर्क सुधार और ग्रुप मीटर लगाने पहुंची टोरंट टीम पर पथराव, छह घायल, लाठीचार्ज
आगरा। टोरंट पावर की टीम जब शनिवार को बमरौली कटारा थाना क्षेत्र के मदरा गांव में नेटवर्क सुधार और ग्रुप मीटर लगाने पहुंची, तो वहां माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने मीटर लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने टोरंट टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें टोरंट के कर्मचारी, पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारीं और मौके से दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
-तीन टोरंटकर्मी और तीन पुलिसकर्मी घायल, मौके से दस लोगों को किया गया गिरफ्तार
मदरा गांव में बिजली चोरी रोकने और पुराने-टेढ़े पोलों के सुधार के लिए टोरंट पावर की टीम पहले भी कई बार गांव में पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण काम नहीं कर पा रही थी। टोरंट टीम आज पुलिस बल के साथ गांव में पहुंची। ग्रुप मीटर लगाने की योजना के तहत काम शुरू ही हुआ था कि गांव के लोग विरोध करने के लिए सामने आ गए। पुलिस ने जब इन लोगों को खदेड़ा तो महिलाएं विरोध में सामने आ गईं। इसके बाद महिलाओं द्वारा ही पथराव शुरू हो गया।
इसके बाद पुलिस ने हालात काबू में लेने के लिए लाठियां चलाईं। ग्रामीणों का आरोप है कि लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि महिलाओं द्वारा पथराव किए जाने के बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया।
पथराव में इन्हें आई चोटें
महिलाओं द्वारा किये गये पथराव में टोरंट पावर के धर्मवीर, नंद कुमार और मोहम्मद आमीन घायल हुए हैं। इसके अलावा थाना बमरौली कटारा के एक दरोगा और दो सिपाही भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से आठ-दस लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। टोरंट पावर के सहायक महाप्रबंधक गनपति कृष्ण देव गुप्ता ने थाना बमरौली कटारा में तहरीर दी है।
टोरंट पावर के उपाध्यक्ष शैलेश देसाई ने बताया कि टोरंट पावर के उपाध्यक्ष शैलेश देसाई ने बताया कि आज हमारी टीम मदरा गांव में नेटवर्क सुधार व ग्रुप मीटर लगाने गांव में गई थी। कुछ लोगों ने पुलिस व टीम के साथ धक्का मुक्की की। जिन लोगों ने धक्का-मुक्की की, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर काबू किये जाने के बाद टोरंट पावर की टीम ने गांव में नेटवर्क सुधार और ग्रुप मीटर लगाने के काम को पूरा किया।