आगरा के रुनकता में दर्दनाक हादसाः बारिश के समय नाली में बहने से डेढ़ साल के मासूम की मौत
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता गांव में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। डेढ़ साल का मासूम बालक प्रियांशु अचानक नाली में गिर पड़ा और तेज बहाव में बह गया। बच्चे को नाली से निकालकर डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
-ननिहाल में आया हुआ था मासूम प्रियांशु, परिवार में कोहराम, पूरे गांव की आंखें नम
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
मासूम प्रियांशु, पिंटू और किरन का इकलौता बेटा था। किरन का मायका रुनकता में है, जबकि उसका ससुराल भरतपुर जनपद के रुदावल कस्बे में है। इन दिनों प्रियंशु अपने नाना-नानी के घर आया हुआ था। इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। मां किरन तो सुध-बुध ही खो बैठी है। पिता पिंटू भी गहरे सदमे में है।
बुधवार दोपहर रुनकता में तेज बारिश शुरू हो गई थी। उसी दौरान प्रियांशु घर के बाहर खेल रहा था। घर के सामने बनी नाली बारिश के पानी के कारण लबालब भर गई थी। खेलते-खेलते प्रियांशु अचानक फिसलकर नाली में गिर पड़ा। नाली गहरी और तेज बहाव वाली होने से बच्चा करीब 10 मीटर दूर बहता चला गआ और आगे पत्थर में फंस गया। परिवार व ग्रामीण तत्काल उस ओर दौड़े लेकिन तब तक मासूम बेहोश हो चुका था। उसे तत्काल डॊक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
ग्रामीणों की आंखों में आंसू
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही पूरा गाव शोक में डूब गया। ननिहाल पक्ष पर तो वज्रपात के समान थी प्रियांशु की मौत। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार के घर पर इकट्ठा हो गए। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे थे। मृत बालक के मां-बाप की हालत देखकर हर कोई भावुक हो उठा।
मासूम की मौत पर छाया मातम
पूरे गांव में गम का माहौल है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार गहरे अंधकार में डूब गया है। मासूम की नन्हीं काया को अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया गया तो पूरा गांव स्तब्ध होकर देखता रह गया। इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
-रिपोर्टः सौरभ सिंह, रुनकता।