कर्नाटक में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा पर ट्रक का कहर, पांच की मौत और 20 से ज्यादा घायल
हासन। कर्नाटक के हासन जिले में गणेश विसर्जन यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर तोड़कर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस भीषण हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा हसन-मैसूर नेशनल हाईवे-373 पर हुआ और इससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
कर्नाटक के हासन जिले के मोसलेहोसाल्ली गांव में गुरुवार रात गणेश प्रतिमा के साथ निकाले जा रही विसर्जन यात्रा पर अचानक मौत का साया छा गया। हजारों लोग भगवान गणेश की आराधना में डूबे हुए थे कि अचानक हसन-मैसूर हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहा एक टैंकर डिवाइडर तोड़कर सीधे जुलूस में घुस गया।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गए। एक अन्य की बाद में मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू किया और पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस समय गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा गुजर रही थी, हाईवे पर आम यातायात भी जारी था। अचानक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर पार करते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोग संभल भी नहीं पाए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने हाईवे पर जुलूस निकालने के समय यातायात बंद क्यों नहीं किया। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। राज्य सरकार से मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग उठने लगी है।