पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे दो बदमाश, सेल्समैन पर चाकू से हमला, भीड़ ने दबोचा

मलपुरा के रोहता नहर स्थित पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे दो आरोपियों ने सेल्समैन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर जुटी भीड़ ने दोनों को चाकू समेत पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Sep 20, 2026 - 15:24
 0
पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे दो बदमाश, सेल्समैन पर चाकू से हमला, भीड़ ने दबोचा
लूट के इरादे से आए लुटेरे भीड़ की गिरफ्त में।

आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र में रोहता नहर स्थित किरण इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से पहुंचे दो बदमाशों ने सेल्समैन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सेल्समैन की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान शोर सुनकर जुटी भीड़ ने दोनों को घेर लिया। लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया।

सूचना मिलने पर मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना को लूट के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे के उद्देश्य और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। पेट्रोल पंप पर अचानक हुए चाकू के हमले से कुछ देर के लिए कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल रहा। भीड़ के समय रहते सक्रिय हो जाने से दोनों आरोपी मौके से फरार नहीं हो सके।