युवक पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

आगरा। सिकंदरा-बोदला रोड स्थित देवीराम स्वीट्स के पास एक युवक को गोली मारने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने देर रात में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

May 3, 2025 - 10:04
 0
युवक पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गौरतलब है कि गत 26 अप्रैल को एक युवक मिलन को देवीराम स्वीट्स के पास जूस पीते समय मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े गोली मार दी थी। उसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

पुलिस घटना के दिन से फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी थी। एसीपी ने बताया कि गत रात में थाना सिकंदरा पुलिस सघन चैकिंग अभियान चलाए हुई थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन को गोली मारने वाले दोनों बदमाश अमन और अभिषेक उर्फ रौनी सुनारी से मथुरा की ओर जाने वाले हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर ली। जैसे ही दोनों बदमाशों ने पुलिस को देखा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों मोटरसाइकिल से गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।