राज्यकर्मियों को फिर बल्ले-बल्ले, बढ़े महंगाई भत्ते का भुगतान जल्द

लखनऊ। यूपी की योगी सरकार ने राज्य के सभी कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ते का भुगतान जल्द करने के निर्देश दिए हैं। यह महंगाई भत्ता एक जुलाई से लेकर अब तक के लिए दिया जाएगा। इसकी दर 53 प्रतिशत होगी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली से पहले सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार द्वारा शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

Oct 24, 2024 - 16:00
 0
राज्यकर्मियों को फिर बल्ले-बल्ले, बढ़े महंगाई भत्ते का भुगतान जल्द


यूपी सरकार के शासनादेश में बताया गया है कि राज्य कर्मचारियों और सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमानों में कार्यरत पदधारकों को महंगाई एक जुलाई, 2024 से बढ़ी हुई दर पर भुगतान मिलेगा। यूपी सरकार के कर्मचारियों को अब एक जुलाई 2024 से 53 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा।

शासनादेश में कहा गया है कि इस आदेश द्वारा दिनांक एक अक्टूबर, 2024 से देय धनराशि का भुगतान माह के नियमित वेतन के साथ दिनांक 30 अक्टूबर को नकद किया जायेगा। इस आदेश द्वारा स्वीकृत दरों पर महंगाई भत्ते की दिनांक एक जुलाई से दिनांक 30 सितम्बर तक की देय अवशेष धनराशि अधिकारी/कर्मचारी के भविष्य निधि खाते में, अवशेष धनराशि पर देय आयकर एवं सरचार्ज की कटौती करते हुए वित्त (सामान्य) अनुभाग-2 के शासनादेश संख्या-2/2023/जी-2-256 (1)/दस-2023, दिनांक 21-03-2023 में निर्धारित सीमा के अधीन जमा की जायेगी।

आदेश में कहा गया है कि इस प्रकार भविष्य निधि खाते में जमा अवशेष धनराशि दिनांक एक अक्टूबर, 2025 तक सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी के खाते में जमा रहेगी और इसे उन मामलों को छोड़कर जिनमें भविष्य निधि नियमों के अन्तर्गत अन्तिम प्रत्याहरण देय हो जाये, उक्त तिथि से पूर्व नहीं निकाला जा सकेगा। यदि कोई अधिकारी/कर्मचारी भविष्य निधि खाते का सदस्य नहीं हैं, तो उक्त अवशेष धनराशि उसके पब्लिक प्रोविडेन्ट फन्ड (पी०पी०एफ०) में जमा करायी जायेगी अथवा नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (एन0एस0सी0) के रूप में प्रदान की जायेगी परन्तु धनराशि के जिस अंश का सर्टिफिकेट उपलब्ध न हो तो उसे नकद दी जायेगी।