शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट में हंगामा : एसडीएम कोर्ट में महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय में उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद के मामले की सुनवाई के दौरान एक महिला ने कथित रूप से अपने गले में दुपट्टा कसकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस दौरान न्यायालय में मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाया, लेकिन घटना से अफरा-तफरी मच गई।

Oct 18, 2025 - 18:23
 0
शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट में हंगामा : एसडीएम कोर्ट में महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास

न्यायालय में बोली- ‘अगर आदेश नहीं हुआ, तो जान दे दूंगी’

थाना कांट क्षेत्र के रसैम गांव निवासी सुमन नामक महिला जमीन विवाद के प्रकरण में पेशी पर आई थी। सुनवाई के दौरान उसने अचानक न्यायालय कक्ष में जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और कहा कि अगर मेरे पक्ष में आदेश नहीं हुआ तो मैं आत्महत्या कर लूंगी, तुम सबकी नौकरी चली जाएगी। इसके बाद उसने अपने दुपट्टे से गले में फंदा डालने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसकी जान बचाई।

महिला और उसकी बहन पर केस दर्ज

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के इस कृत्य से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई है। घटना के बाद थाना सदर बाजार में सुमन और उसकी बहन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बहन पर सुमन को उकसाने का भी आरोप है।

घटना पर उप जिलाधिकारी सदर संजय पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कलेक्ट्रेट में यह मामला दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।

SP_Singh AURGURU Editor