युवाओं को भटकाव से बचाने को वरदान सोसायटी की पहल, मिला जिम्मेदारी और संस्कार का संदेश

आगरा के एक विद्यालय में किशोरों और युवाओं को भटकाव से बचाने और सामाजिक समन्वय का पाठ पढ़ाने के लिए एक सशक्त जागरूक अभियान चलाया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने जीवन की सच्चाइयों से रूबरू कराते हुए युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

Apr 17, 2026 - 20:35
 0
युवाओं को भटकाव से बचाने को वरदान सोसायटी की पहल, मिला जिम्मेदारी और संस्कार का संदेश
कैलाश मोड़ स्थित गैंदालाल इंटर कॊलेज में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करतीं मिशन शक्ति प्रभारी मंजू चौधरी। मंचस्थ हैं अन्य अतिथिगण।

आगरा। कैलाश मंदिर मोड़ स्थित श्री गैंदा लाल इंटर कॉलेज, कृष्णा कॉलोनी में वरदान वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित जागरूकता अभियान “समाज के भटकते युवा, उनके सामाजिक संबंध व उनमें समन्वय” के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य किशोरों और युवाओं को भटकाव से बचाना, उनके भीतर सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं काउंसलर के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं अप्पन ग्रुप के स्वामी कृष्ण मुरारी सिंघल उपस्थित रहे। उनके साथ एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति की जिला प्रभारी मंजू चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

कृष्ण मुरारी सिंघल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में असफलता ही सबसे बड़ा शिक्षक होती है। यही असफलता व्यक्ति को यह समझने में मदद करती है कि लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग में कहां कमी रह गई और आगे बढ़ने के लिए कितनी मजबूती की आवश्यकता है।

वहीं मंजू चौधरी ने युवाओं को भावनात्मक और व्यावहारिक संदेश देते हुए कहा कि यदि व्यक्ति अपने से कम साधन वाले या अभावग्रस्त लोगों के जीवन को समझ ले, तो वह कभी भटक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि जब मन गलत दिशा में जाने लगे, तो स्वयं से प्रश्न करना चाहिए कि इतनी सुविधाओं के बावजूद गलत रास्ता क्यों चुना जा रहा है।

संस्था की अध्यक्षा शीतल अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस अभियान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मुकेश ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया और इसे युवाओं के भविष्य के लिए उपयोगी पहल बताया। कार्यक्रम में पुष्कर कुमार, रवि शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor