वर्ल्ड बैंक के मंच पर गूंजेगी ताज नगरी की आवाज, डॉ. रंगोली श्रीवास्तव वॉशिंगटन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

आगरा की डॉ. रंगोली श्रीवास्तव वर्ल्ड बैंक द्वारा वॉशिंगटन डीसी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रिसर्च वर्कशॉप में भारत की एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में अपना शोध प्रस्तुत करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से ताज नगरी और देश का नाम वैश्विक मंच पर रोशन हुआ है।

Feb 3, 2026 - 21:17
 0
वर्ल्ड बैंक के मंच पर गूंजेगी ताज नगरी की आवाज, डॉ. रंगोली श्रीवास्तव वॉशिंगटन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
रंगोली श्रीवास्तव को एयरपोर्ट पर विदा करते परिवरीजन।

आगरा। आगरा के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है, जब ताज नगरी की बेटी डॉ. रंगोली श्रीवास्तव अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। आगरा के शास्त्रीपुरम निवासी उपेन्द्र कुमार श्रीवास्तव एवं जूही श्रीवास्तव की सुपुत्री डॉ. रंगोली श्रीवास्तव आज सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नई दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी (संयुक्त राज्य अमेरिका) के लिए रवाना हुईं।

डॉ. रंगोली श्रीवास्तव एसजीटी यूनिवर्सिटी, गुरुग्राम में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि पूरे भारत से केवल उन्हीं का चयन वर्ल्ड बैंक द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय रिसर्च वर्कशॉप के लिए हुआ है।

09 और 10 फरवरी को वॉशिंगटन डीसी में आयोजित इस वर्कशॉप में विश्वभर से चयनित शोधकर्ता अपने-अपने रिसर्च पेपर प्रस्तुत करेंगे। डॉ. रंगोली श्रीवास्तव “Research Workshop on School Related Violence Prevention and Response” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत करेंगी, जो शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

डॉ. रंगोली के परिवार में इस उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है। उनके भाई अविरल श्रीवास्तव पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जबकि भाभी आकांक्षा श्रीवास्तव मुंबई में शेयर और म्यूचुअल फंड एक्सपर्ट के रूप में कार्यरत हैं। उनके पति शोभित श्रीवास्तव भारतीय रेलवे में इंजीनियर हैं।

इस अवसर पर उनके ससुर रोहित श्रीवास्तव, सास शर्मिला श्रीवास्तव, संचित श्रीवास्तव सहित परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता को आगरा ही नहीं, पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया।