बाल कवि सम्मेलन में गूंजे नवोदित कवियों के स्वर, समाज को दी सशक्त प्रेरणा
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित अंतर्विद्यालयी बाल कवि सम्मेलन में शहर के 30 विद्यालयों के 90 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी स्वरचित कविताओं से समाज को सशक्त संदेश दिया। कक्षा 6 से 12 तक के तीन वर्गों में विभाजित बाल कवियों ने देशभक्ति, भ्रष्टाचार और मानवीय मूल्यों जैसे ज्वलंत विषयों पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में श्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
प्रिल्यूड परिसर में हुए इस बाल कवि सम्मेलन में शहर के 30 विद्यालयों के 90 विद्यार्थियों ने तीन वर्गों- काव्य कली समूह (कक्षा छ: से आठ), कवितांश समूह (कक्षा नौ व दस) व सृजन सरिता समूह (कक्षा ग्यारह व बारह) में भाग लेकर अपने-अपने विद्यालयों का प्रतिनिधित्व किया।
बाल कवि सम्मेलन की मुख्य अतिथि श्रीमती शारदा गुप्ता (चेयरमैन-बिभव बिल्डर्स व चार्टर प्रेसिडेंट-रोटरी क्लब रॊयल, आगरा) रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. आरएस तिवारी (सहायक निदेशक डीईआई), डॉ. युवराज सिंह (हिंदी विभागाध्यक्ष- आरबीएस कॉलेज) डॉ. शिखा श्रीधर (हिंदी विभागाध्यक्षा श्रीमती बीडी जैन कन्या महाविद्यालय, आगरा), डॉ. गुंजन (हिंदी विभाग बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय), साहित्यकार श्रुति सिन्हा, डीईआई के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निशिथ गौड़ आदि सम्मिलित रहे। सम्मेलन का शुभारंभ निर्णायकमंडल, निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता तथा प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने दीप जलाकर किया।
बाल कवियों ने समाज के विभिन्न ज्वलंत विषयों पर अपने मन के भावों को स्वरचित कविताओं के माध्यम से बड़े प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बाल कवियों ने ऑपरेशन सिंदूर , पुलवामा अटैक, राजनीति, भ्रष्टाचार, बचपन, पर्यावरण संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन, मानव स्वार्थ, समाज में बढ़ती दुष्प्रवृतियां, बेटी बचाओ, कन्या भ्रूण हत्या, अंग दान, चंद्रयान 3, देश प्रेम, मां आदि विषयों पर काव्य पाठ करके सभी लोगों में जोश, स्फूर्ति और नवीन प्रेरणा का संचार किया।
निर्णायक मंडल ने बाल कवियों को मौलिक कविता लेखन के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि शारदा गुप्ता ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से माँ का सम्मान करने के लिए सभी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि माँ का सम्मान किए बिना हम जीवन में कभी भी अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकते हैं। विद्यालय निदेशक डॊ. सुशील गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागियों को साधुवाद दिया।
समस्त प्रतिभागी बाल उदीयमान कवियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। प्रत्येक वर्ग में से पांच-पांच श्रेष्ठ कवियों को स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कृत उदीयमान श्रेष्ठ कवि क्रमशः रहे-
काव्य कली समूह
अनुष्का शर्मा (शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज)।
अंशिका जुरैल (सेंट सी. एफ. एंड्रयूज स्कूल)।
अन्वेषा शर्मा ( गायत्री पब्लिक स्कूल यूनिट1)।
परिधि खत्री (सी. एफ. एंड्रयूज स्कूल बल्केश्वर )
एकता (ऑल सेंट स्कूल शमशाबाद रोड)।
कवितांश समूह
जय शर्मा (गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट 2)
आनंदी शर्मा (गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट 1)
सार्थक पयाल (ऑल सेंट, शमशाबाद रोड )
कृतिका उपाध्याय (दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल )
चहक चौधरी (सनफ्लावर पब्लिक स्कूल)
सृजन सरिता समूह
वैष्णवी कुलश्रेष्ठ (शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज)
शिवम शर्मा (ऑल सेंट स्कूल शमशाबाद)
अनज्या शर्मा (सेंट सी. एफ. एंड्रयूज स्कूल)
परी कटारा (सेंट सी. एफ. एंड्रयूज स्कूल, बरौली अहीर)
वैष्णवी शर्मा (सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल)
कार्यक्रम का संचालन अनन्या वर्मा, अंशुमन सिकरवार तथा श्रुति चंद्रा ने किया। समन्वयिका बबिता रानी रहीं।