आगरा में यमुना के दशहरा घाट पर डूबने लगा था युवक, जल पुलिस ने तत्परता दिखाकर बचा ली जान
आगरा। ताजमहल के पीछे यमुना नदी के दशहरा घाट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जल पुलिस के कांस्टेबल संजय सिंह ने समय रहते यमुना में डूबते एक युवक को बाहर निकाल लिया। युवक को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कछपुरा निवासी टिंकू पुत्र भूखन यमुना में नहाने के दौरान गहराई में चला गया और डूबने लगा। जल पुलिस में तैनात कांस्टेबल संजय सिंह की नजर उस पर पड़ी तो वे तुरंत स्टीमर से मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकाल लिया।
गोकुल बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी का जलस्तर इन दिनों काफी बढ़ा हुआ है और पानी ताजमहल की दीवारों तक पहुंच गया है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति का नदी में उतरना खतरनाक हो सकता है। लेकिन जल पुलिस की मुस्तैदी से युवक की जान बच गई।
कांस्टेबल संजय सिंह इससे पहले भी कई लोगों की जान बचा चुके हैं। जल पुलिस के इस प्रयास की आमजन में सराहना हो रही है।