कटे होंठ-तालु और चेहरे की विकृतियों से पीड़ित 50 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज का भरोसा, 20 जरूरतमंदों की सर्जरी कराएगा पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन

आगरा। जन्मजात कटे होंठ, कटे तालु और चेहरे व जबड़े की विकृतियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट ने रविवार को बाग फरजाना स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में 11वें निःशुल्क जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। शिविर में 50 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निःशुल्क जांच कर उन्हें उपचार संबंधी परामर्श दिया। इनमें से चयनित 20 निर्धन एवं जरूरतमंद मरीजों के कटे होंठ और कटे तालु का ऑपरेशन ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क कराया जाएगा।

Nov 15, 2026 - 20:46
 0
कटे होंठ-तालु और चेहरे की विकृतियों से पीड़ित 50 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज का भरोसा, 20 जरूरतमंदों की सर्जरी कराएगा पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन
पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन द्वारा रविविरा को आयोजित चिकित्सा शिविर में मरीजों का परीक्षण करते डॊ. गौरव महेश गुप्ता।

शिविर में क्रैनियो-मैक्सिलो-फेशियल कॉस्मेटिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. गौरव महेश गुप्ता ने मरीजों की जांच की। उन्होंने जन्मजात कटे होंठ और कटे तालु, नाक, चेहरे एवं जबड़े की विकृतियों, जबड़े के जोड़ की समस्याओं, मुंह या जबड़े में गांठ, सिस्ट, ट्यूमर तथा मुंह खोलने में कठिनाई जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।

ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने बताया कि जांच के बाद चयनित 20 निर्धन एवं जरूरतमंद मरीजों की सर्जरी का पूरा खर्च ट्रस्ट वहन करेगा। उन्होंने आमजन और मीडिया के माध्यम से अपील की कि उनके आसपास यदि कोई ऐसा जरूरतमंद मरीज है, जो आर्थिक अभाव के कारण उपचार नहीं करा पा रहा है, तो उसकी जानकारी ट्रस्ट तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि उसे निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।

इससे पूर्व शिविर का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि आईएमए के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर धाकरे और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जनकल्याणकारी शिविर जरूरतमंदों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा, सही उपचार और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक, वरिष्ठ संरक्षक पं. हरिनारायण चतुर्वेदी, अध्यक्ष अभिषेक पाठक तथा राजेश चतुर्वेदी ने गैलेक्सी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. गौरव महेश गुप्ता, डॉ. राकेश त्यागी और डॉ. शर्मिला पंजवानी को जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्व राजा दशरथ समाजसेवी संतोष शर्मा, डॉ. अर्पिता खरे और डॉ. शिवालिक शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor