घायल करणी सैनिकों के परिजन आज पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंच रहे
आगरा। विगत 26 मार्च को सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए करणी सैनिकों के परिवार वाले अब से एक घंटे बाद आगरा पुलिस लाइन स्थित दफ्तर में पुलिस कमिश्नर से मिलने जा रहे हैं।
ये लोग अपने परिवार के युवकों को आई चोटों का मेडिकल कराने के साथ ही उनका मुकदमा दर्ज करने की मांग करेंगे।
ज्ञातव्य है कि सांथा बहरावती खास निवासी दीपक सिसौदिया ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी हुई है। पुलिस ने अभी इस तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करने में बहुत देरी हो रही है। करणी सैनिकों को लगी चोटों का समय पर मेडिकल होना भी जरूरी है। इसी मांग के साथ घायलों के परिवार वाले आज साढ़े दस बजे पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे।
क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष अनिल चौहान, संघर्ष समिति के संयोजक गौरी शंकर सिंह सिकरवार, जितेंद्र सिकरवार, करणी सेना के जोगिंदर चौहान, क्षत्रिय महासभा की समस्त शाखाओं के अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह चौहान, जवाहर सिंह चौहान, दिनेश चौहान, विजयपाल सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य बंटी सिकरवार व अन्य ने क्षत्रिय समाज के लोगों से अपील की है कि वे भी पुलिस लाइन पहुंचें।
सभी लोगों से अपील की गई है कि पुलिस लाइन पर शांतिपूर्वक तरीके से पुलिस कमिश्नर के समक्ष अपनी बात रखें। किसी भी तरह का कोई ऐसा काम न करें जिससे कानून व्यवस्था अथवा लोक शांति भंग हो।