सीईसी ज्ञानेश कुमार से मिलने के बाद बोलीं ममता बनर्जी,  हमने इतना झूठा चुनाव आयोग नहीं देखा'

बंगाल की सीएम ने कहा कि अगर चुनाव आयोग को एसआईआर करना ही था तो चुनाव वाले राज्यों को छोड़कर सही प्लानिंग के साथ करना चाहिए था. उन्होंने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

Feb 2, 2026 - 18:56
 0
सीईसी ज्ञानेश कुमार से मिलने के बाद बोलीं ममता बनर्जी,  हमने इतना झूठा चुनाव आयोग नहीं देखा'

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने कभी ऐसा चुनाव आयोग नहीं देखा, जो इतना एरोगेंट और झूठा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के इशारे पर बंगाल में लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। इस दौरान बंगाल की सीएम ने काले कपड़े पहनकर चुनाव आयोग का विरोध किया था।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एसआईआर के मुद्दे पर सीईसी ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल के लोग निर्वाचन आयोग के समक्ष अपनी समस्याएं उठाने आए हैं लेकिन उन्हें धमकी दी जा रही है। उन्होंने बंग भवन परिसर के बाहर भारी पुलिस तैनाती पर भी सवाल उठाया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह पुलिस को नहीं, बल्कि ऊपर बैठे लोगों को दोषी ठहराती हैं।

सीईसी ज्ञानेश कुमार से मिलने के बाद सीएम ममता बनर्जी ने कहा, 'मैं बहुत दुखी हूं। मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली में राजनीति में हूं। मैं 4 बार मंत्री और 7 बार संसद रही हूं। मैंने ऐसा चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा जो इतना घमंडी हो, जो इतना झूठा हो।'

बंगाल की सीएम ने कहा, 'मैंने उनसे (मुख्य चुनाव आयुक्त) कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज्जत करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती। एक दिन आपको जाना ही होगा। बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होता है, लेकिन आपने 58 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौका नहीं दिया।'

ममता ने सीईसी से कहा, 'अगर आपको एसआईआर करना ही था तो आपको चुनाव वाले राज्यों को छोड़कर सही प्लानिंग के साथ करना चाहिए था, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। असम में आपकी बीजेपी सरकार है। आपने असम में एसआईआर नहीं किया, लेकिन पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में किया। आपने हमारे साथ क्या किया? आपने 58 लाख लोगों के नाम हटा दिए। यहां बहुत ज्यादा गड़बड़ी और गलत मैपिंग है।'

ममता ने कहा, 'अगर हमें 2022 में एसआईआर करना होता और हमसे हमारे पिता के बर्थ सर्टिफिकेट लाने को कहा जाता तो यह मुमकिन नहीं होता। पहले बच्चे घरों में पैदा होते थे, अस्पतालों में नहीं... अपने प्रधानमंत्री से पूछिए कि क्या उनके पास अपने माता-पिता के इंस्टीट्यूशनल डिलीवरी सर्टिफिकेट हैं।'