रक्तदान का नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में आगरा व्यापार मंडल, 16 अगस्त के शिविर के लिए अब तक 1500 से अधिक रक्तदाताओं के पंजीकरण
मानव सेवा के महाअभियान को गति देते हुए आगरा व्यापार मंडल के चतुर्थ रक्तदान शिविर को लेकर व्यापारी समाज में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। आगामी 16 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी में आयोजित होने वाले शिविर के लिए अब तक 1500 रक्तदाताओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि बड़ी संख्या में अन्य लोगों के पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। व्यापारियों ने इस आयोजन को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और एकजुटता का बड़ा उदाहरण बनाने का संकल्प लिया है।
आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित किए जा रहे चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। शिविर की व्यवस्थाओं और प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को "राधा हॉल", अतिथिवन, वाटर वर्क्स में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यापार मंडल से संबद्ध विभिन्न सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और शिविर की तैयारियों, पंजीकरण अभियान तथा आयोजन की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान विभिन्न संस्थाओं की ओर से रक्तदाताओं के भरे हुए पंजीकरण प्रपत्र भी जमा किए गए।
रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम : टीएन अग्रवाल
बैठक को संबोधित करते हुए आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। एक व्यक्ति का रक्तदान कई जरूरतमंदों का जीवन बचा सकता है।
उन्होंने सभी सदस्य संस्थाओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस सेवा अभियान में जुटें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों से यह रक्तदान शिविर नया इतिहास रचेगा और आगरा व्यापार मंडल की सामाजिक जिम्मेदारी, एकजुटता और सेवा भावना को मजबूत संदेश देगा।
1500 रक्तदाताओं का पंजीकरण पूरा
शिविर संयोजक राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि व्यापारी वर्ग में रक्तदान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह है। अब तक 1500 रक्तदाताओं का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग इतने ही अन्य लोगों के पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा और समाजसेवी रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस अभियान में भागीदारी करेंगे।
पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक में शिविर को सफल और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। पदाधिकारियों और संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने आगरा व्यापार मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का आग्रह किया।
व्यापारियों और शहरवासियों से रक्तदान की अपील
आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारी समाज और शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा यज्ञ में अपनी भागीदारी निभाएं।
चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन 16 अगस्त 2026 को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी, आगरा में किया जाएगा। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष शिविर सहभागिता और रक्तदान के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में विभिन्न व्यापारिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। बैठक में आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन मंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, शिविर संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी, सहसंयोजक महावीर मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल, नितिन अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।