'हर घर तिरंगा' अभियान में 11 से 15 अगस्त तक भाजपा दिखाएगी राष्ट्रव्यापी दमखम, सांसद राजकुमार चाहर को तीन राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों का प्रभारी बनाया गया
आगरा/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए 'हर घर तिरंगा' अभियान को इस वर्ष भी भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर 11 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में भाजपा ने विभिन्न राज्यों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा तथा दादरा एवं नगर हवेली का प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार अभियान के तहत 10 से 14 अगस्त तक देशभर के प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में भाजपा युवा मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी। तिरंगा यात्राओं के दौरान देशभक्ति के गीत, आकर्षक सजावट और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा ने निर्देश दिए हैं कि समाज के प्रबुद्धजन, विशिष्ट नागरिक, सेवानिवृत्त सैनिक, पूर्व कर्मचारी, विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां, सामाजिक संगठन, युवा संगठन और महिला संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। इसके अलावा विद्यालयों और महाविद्यालयों में संपर्क कर विद्यार्थियों को तिरंगा यात्राओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान शहीद स्मारकों, वीर सपूतों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। प्रत्येक मंडल में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों तथा कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के घर जाकर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
भाजपा ने यह भी तय किया है कि 13 से 15 अगस्त के बीच देशभर में पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। तिरंगा फहराते हुए फोटो नमो एप, सरल पोर्टल, अधिकृत वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे, ताकि अभियान को अधिक से अधिक जनसहभागिता मिल सके।
इसके अलावा 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिलों में बैनर और प्लेकार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे। विभाजन से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जिले में बड़े स्तर पर बैठकें आयोजित कर देश के विभाजन की त्रासदी और उसके ऐतिहासिक पक्षों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है।