40 टीमों के 50 घंटे तक चले रेस्क्यू ऒपरेशन के बाद नाले से मिला छह वर्षीय दिव्यांग बच्चे का शव
-आरके सिंह- बरेली। भारी बारिश के दौरान नहाते समय नाले के तेज बहाव में बहे छह वर्षीय दिव्यांग बच्चे प्रीत का शव करीब 50 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बच्चे की तलाश में जुटी थीं। गुरुवार शाम नगर पालिका परिषद आंवला की सर्च टीम ने नाले से बच्चे का शव बरामद किया।
नगर पालिका परिषद आंवला के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि ने बताया कि मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान मोहल्ले के कुछ बच्चे सड़क पर पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान छह वर्षीय दिव्यांग बच्चा प्रीत भी वहां नहाने पहुंच गया। पानी के तेज बहाव के कारण वह गहरे नाले में जा गिरा और बह गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल तलाश अभियान में जुट गईं। करीब 40 टीमें लगातार 24 घंटे बच्चे की तलाश करती रहीं।
मोहल्ला खेड़ा से नाले तक चलाया गया अभियान
नगर पालिका परिषद आंवला के अध्यक्ष सैयद आबिद अली ने बताया कि 28 जुलाई को भारी बारिश के दौरान मोहल्ला खेड़ा निवासी बालक नाले में बह गया था। बच्चे की तलाश के लिए मोहल्ला खेड़ा से लेकर अब्दुल कलाम पार्क, लक्ष्मी नारायण मंदिर के पीछे और नाले पार की पुलिया तक व्यापक अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि खोज अभियान में पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका कर्मियों के साथ अन्य बचाव दल शामिल रहे।
मंत्री धर्मपाल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी सुशील मिश्रा, क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, तहसीलदार अतुल कुमार सिंह, कोतवाल बीनू सिंह, डॉग स्क्वायड प्रभारी ब्रजेश यादव और खोजी डॉग वेन की टीम भी तलाश अभियान में शामिल रही।
गुरुवार को करीब दोपहर तीन बजे खोजी टीम को तहसील श्मशान भूमि के पास नाले में बच्चे का शव मिला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई।