शिवमय हुई नाथ नगरी, कांवड़ियों पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, एआई से निगरानी और भव्य स्वागत की तैयारी

सावन के पहले सोमवार से पहले बरेली पूरी तरह शिवमय हो गई है। शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से संवारा गया है, जबकि सभी प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष लाइटिंग की गई है। पहली बार कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए बरेली पुलिस ने 'हॉक आई' नाम का अत्याधुनिक एआई सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जो भीड़, ट्रैफिक और हथियारों की गतिविधियों पर रियल टाइम निगरानी रखेगा।

Aug 1, 2026 - 20:10
 0
शिवमय हुई नाथ नगरी, कांवड़ियों पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, एआई से निगरानी और भव्य स्वागत की तैयारी
कांवड़ यात्रा के लिए सजाई गई नाथ नगरी बरेली।

कंट्रोल रूम से कांवड़ रूट की निगरानी करते पुलिसकर्मी।

-आरके सिंह-

बरेली। सावन के पहले सोमवार के मद्देनजर नाथ नगरी बरेली पूरी तरह शिवमय हो गई है। लाखों शिवभक्तों और कांवड़ियों के स्वागत के लिए शहर को धार्मिक रंग में सजाया गया है। प्रमुख प्रवेश द्वार रंग-बिरंगी एलईडी रोशनी से जगमगा रहे हैं, जबकि प्रमुख शिव मंदिरों को भी भव्य विद्युत सज्जा से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वागत के लिए जिला प्रशासन, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए), पुलिस प्रशासन तथा मनौना धाम प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पहली बार हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

इस बार सावन के प्रत्येक सोमवार को मनौना धाम प्रबंधन, जिला प्रशासन तथा बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के संयुक्त सहयोग से कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी।

मनौना धाम के प्रधान प्रबंधक अरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कछला (बदायूं) से लेकर बरेली शहर के प्रमुख शिव मंदिरों तक शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की योजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसका उद्देश्य शिवभक्तों का भव्य स्वागत कर उनकी यात्रा को यादगार बनाना है।

चारों प्रवेश द्वार बने आकर्षण का केंद्र

बरेली विकास प्राधिकरण ने शहर के चारों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बने स्वागत द्वारों का विशेष सौंदर्यीकरण कराया है। बदायूं रोड स्थित नाथ नगरी स्वागत द्वार (तपेश्वरनाथ/मढ़ीनाथ द्वार) सहित सभी प्रमुख प्रवेश द्वार रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से जगमगा रहे हैं। रात के समय पूरा शहर धार्मिक आभा से सराबोर दिखाई दे रहा है।

श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए कई स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं।

बीडीए ने पहली बार की विशेष व्यवस्थाएं

बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि श्रावण मास में आने वाले लाखों कांवड़ियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार अनुभव देना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पहली बार बीडीए ने कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष स्तर पर तैयारियां की हैं। प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण, कांवड़ मार्गों का सुधार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयास है कि नाथ नगरी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां की व्यवस्थाओं और धार्मिक वातावरण की सुखद अनुभूति लेकर लौटे।

AI करेगा कांवड़ यात्रा की निगरानी

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बरेली पुलिस ने 'हॉक आई' (Hawk Eye) नाम का अत्याधुनिक एआई आधारित सॉफ्टवेयर विकसित किया है।

बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी ने बताया कि यह सॉफ्टवेयर अचानक भीड़ बढ़ने, ट्रैफिक जाम होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम को अलर्ट करेगा।

उन्होंने बताया कि यदि भीड़ में कोई व्यक्ति चाकू, तलवार, तमंचा या अन्य हथियार निकालता है तो एआई सॉफ्टवेयर उसे तुरंत पहचानकर अलार्म बजाएगा और संबंधित व्यक्ति की तस्वीर भी पुलिस को उपलब्ध कराएगा, जिससे तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी। इसके अलावा पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी भी इसी तकनीक के माध्यम से की जाएगी।

स्वागत के लिए विशेष सुविधाएं

बीडीए के अनुसार कछला (बदायूं) की ओर से आने वाले कांवड़ियों का स्वागत तपेश्वरनाथ (मढ़ीनाथ) द्वार पर तथा हरिद्वार की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत रामपुर रोड स्थित अवैद्यनाथ द्वार पर किया जाएगा।

16 और 17 अगस्त को श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, विश्राम स्थल, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, शुद्ध पेयजल, मोबाइल चार्जिंग हब, कांवड़ स्टैंड तथा अंगवस्त्र वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पूरे मार्ग पर शिव भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय बनेगा।

शहर से गुजरने लगे कांवड़िए

गोला गोकर्णनाथ में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों का बरेली शहर से गुजरना शुरू हो गया है। ये श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। शहर में जगह-जगह उनका स्वागत किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सक्रिय है।

प्रशासन का कहना है कि सावन भर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor