खुले पैसे के विवाद में ट्रक चालक की मौत, सड़क पर उतरे ग्रामीण, बरहन में भारी हंगामा

आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में खुले पैसे के विवाद के बाद ट्रक चालक धर्मवीर सिंह की कथित पिटाई से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

Aug 1, 2026 - 17:56
 0
खुले पैसे के विवाद में ट्रक चालक की मौत, सड़क पर उतरे ग्रामीण, बरहन में भारी हंगामा
शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।

आगरा। जनपद आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में खुले पैसे के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बारासमसपुर स्थित शराब ठेके पर हुए विवाद के दौरान 26 वर्षीय ट्रक चालक धर्मवीर सिंह की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि धर्मवीर सिंह, निवासी गांव सैफुद्दीनपुर उर्फ चन्द्रभान, किसी कार्य से बारासमसपुर स्थित शराब ठेके पर पहुंचा था। इसी दौरान खुले पैसे को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने धर्मवीर सिंह के साथ मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही धर्मवीर सिंह का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठ गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "जब तक न्याय नहीं, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा।"

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।