पुलिस मॉडर्न स्कूल में अनुभव बने हेड बॉय और आकृति संभालेंगी हेड गर्ल की जिम्मेदारी
आगरा पुलिस मॉडर्न स्कूल में छात्र नेतृत्व और अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी में नवगठित छात्र परिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में अनुभव चौहान को हेड बॉय तथा आकृति सक्सेना को हेड गर्ल का दायित्व सौंपा गया। विद्यालय की प्राचार्या रचना श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
आगरा। रिजर्व पुलिस लाइन कमिश्नरेट स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शनिवार को छात्र परिषद के गठन के लिए भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपते हुए नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रचना श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र परिषद के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का औपचारिक सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान अनुभव चौहान को विद्यालय का हेड बॉय तथा आकृति सक्सेना को हेड गर्ल घोषित करते हुए उन्हें सैश एवं बैच पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों छात्र प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन किया।
इसके उपरांत छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा छात्र-छात्राओं के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
प्राचार्या रचना श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ विद्यालय की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।