सपने में आए मौलवी की सलाह पर खेत में बना दी ‘पांच पीर’ की मजार, शाहजहांपुर में प्रशासन ने हटवाई, बिना अनुमति धार्मिक निर्माण पर पुलिस ने निर्माणकर्ता धीरज को किया गिरफ्तार
शाहजहांपुर के बाजपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से सपने में मिली सलाह के बाद अपने खेत में बिना प्रशासनिक अनुमति के ‘पांच पीर’ की मजार बनानी शुरू कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मजार हटवा दी गई।
-राजीव शर्मा-
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक व्यक्ति ने कथित रूप से सपने में मिली सलाह के बाद अपने खेत में बिना प्रशासनिक अनुमति के ‘पांच पीर’ की मजार का निर्माण शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मजार को हटवा दिया गया। पुलिस ने बिना अनुमति धार्मिक निर्माण कराने के मामले में निर्माणकर्ता धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने गुरुवार को बताया कि यह मामला थाना सिधौली क्षेत्र के बाजपुर गांव का है। सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो उन्होंने खेत स्वामी धीरज कुमार को वहां निर्माण कार्य कराते देखा। खेत में चबूतरे पर मजार का काफी हिस्सा बन चुका था और निर्माण जारी था।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निर्माण करा रहे धीरज कुमार से पूछताछ की।
अनुमति नहीं लेने की बात स्वीकार की
पुलिस पूछताछ में धीरज कुमार से जब मजार निर्माण के लिए प्रशासनिक अनुमति के बारे में जानकारी ली गई तो उसने बताया कि उसने इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली है।
धीरज ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे भाई की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसके पिता नेत्रहीन हो गए हैं और परिवार के कई सदस्य बीमारियों से परेशान रहते हैं। उसने दावा किया कि उसे सपने में एक मौलवी दिखाई दिए थे, जिन्होंने पांच पीरों की मजार बनवाने की सलाह दी थी। धीरज के अनुसार उसे बताया गया था कि ऐसा करने से घर की बीमारी और परेशानियां कम हो जाएंगी।
ग्रामीणों की मौजूदगी में हटाई गई मजार
पुलिस के अनुसार बिना अनुमति धार्मिक स्थल का निर्माण कराए जाने के कारण कार्रवाई की गई। इसके बाद ग्रामीणों और निर्माणकर्ता धीरज कुमार की मौजूदगी में खेत में बनाई गई मजार को वहां से हटा दिया गया।
इस दौरान कुछ हिंदूवादी संगठनों के नेता भी मौके पर पहुंच गए थे। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
पुलिस ने धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।