राहुल गांधी के ‘अमित शाह के आदेश पर छात्रों पर गोली’ वाले बयान से संसद में हंगामा, भाजपा का पलटवार- नेता प्रतिपक्ष ने बोला झूठ; माइक बंद होने के दावे पर वीडियो दिखाकर किया खंडन

नई दिल्ली। सं छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर बुधवार को लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों के प्रदर्शन के गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर गोली चलाई गई, इसलिए उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए। वहीं भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने सदन में झूठे दावे किए हैं।

Jul 29, 2026 - 20:42
 0
राहुल गांधी के ‘अमित शाह के आदेश पर छात्रों पर गोली’ वाले बयान से संसद में हंगामा, भाजपा का पलटवार- नेता प्रतिपक्ष ने बोला झूठ; माइक बंद होने के दावे पर वीडियो दिखाकर किया खंडन

संसद की कार्रवाई की बाद राहुल गांधी ने बुधवार शाम को प्रेस से बात की और आरोप लगाया कि उन्हें लोकसभा में बोलने का अवसर नहीं दिया गया। दरअसल लोकसभा में जब राहुल गांधी ने अपनी स्पीच के दौरान यह कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के आदेश  पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलाई थी, तो हंगामा हो गया। संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें टोका और कहा कि अगर उनके पास कोई प्रमाण हो तो प्रस्तुत करें कि गृह मंत्री के आदेश पर गोली चलाई गई। रिजिजू ने कहा कि गलत बयान देने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ेगी। राहुल गांधी के 55 मिनट के भाषण में रिजिजू ने सात बार दखल दिया।

उधर राहुल गांधी ने संसद से बाहर आकर कहा कि उन्हें न बोलने देने का कारण यह है कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर छात्रों के साथ हुई कथित बर्बर कार्रवाई की जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी।

राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनका दायित्व है कि वह देश के मुद्दों को संसद में उठाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद से करीब 500 मीटर की दूरी पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन, लाठीचार्ज और अन्य तरीकों से कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि एक छात्र की आंख की रोशनी चली गई और इसके संबंध में मेडिकल प्रमाण भी देखे गए हैं।

उन्होंने एक छात्र की तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि पैलेट गन से उसकी आंख में चोट लगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर शॉक बैटन का इस्तेमाल किया गया, कील लगी लाठियों से हमला किया गया और महिलाओं के साथ भी पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में कुछ लोग पहुंचकर छात्रों की पिटाई कर रहे थे।

राहुल ने गृह मंत्रालय पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने कहा कि रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल गृह मंत्री अमित शाह के अधीन आती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस भी सीधे गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है, इसलिए प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई की जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह की बनती है।

राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में दो ही संभावनाएं हैं। पहली, यदि कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री की जानकारी में दिया गया था तो इसकी जिम्मेदारी उन्हें लेनी चाहिए। दूसरी, यदि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी तो यह प्रशासनिक विफलता है। उन्होंने दोनों ही परिस्थितियों में अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा का पलटवार, संबित पात्रा ने आरोपों को बताया झूठ

राहुल गांधी के आरोपों के बाद भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष के दावों पर जवाब दिया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में गलत तथ्य रखे हैं। उन्होंने कहा कि संसद मार्च के दौरान छात्रों पर गोली चलाने का आरोप पूरी तरह निराधार है।

संबित पात्रा ने कहा कि जब गोली चली ही नहीं तो गृह मंत्री द्वारा गोली चलाने का आदेश देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार दिया।

भाजपा सांसद ने लोकसभा की कार्यवाही से जुड़ा एक वीडियो भी दिखाया और राहुल गांधी के उस आरोप का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका माइक बंद कर दिया गया था। पात्रा ने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राहुल गांधी ने स्वयं माइक बंद किया और बाद में माइक बंद किए जाने का आरोप लगाया।

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बाद संसद में छात्रों के मुद्दे और गृह मंत्रालय की भूमिका को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है।

SP_Singh AURGURU Editor