सीएम योगी ने सराहा ‘ब्रज वैभव अभियान’: हार्टफुलनेस के सेवा कार्यों की प्रशंसा, ब्रज संरक्षण को मिला नया संबल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा ब्रज क्षेत्र में संचालित ‘ब्रज वैभव अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विरासत संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सक्रिय सहभागिता से ही ब्रज की पौराणिक गरिमा को पुनर्स्थापित किया जा सकता है। हार्टफुलनेस संस्थान के मथुरा कोऑर्डिनेटर एवं ब्रज वैभव अभियान के समन्वयक निशांत शर्मा ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें संस्थान की ओर से स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट किया तथा अभियान की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

Jul 31, 2026 - 22:58
 0
सीएम योगी ने सराहा ‘ब्रज वैभव अभियान’: हार्टफुलनेस के सेवा कार्यों की प्रशंसा, ब्रज संरक्षण को मिला नया संबल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते हार्टफुलनेस संस्थान के कोआर्डिनेटर निशांत शर्मा। साथ हैं केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात के दौरान निशांत शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और हार्टफुलनेस संस्थान के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, विरासत संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, योग, ध्यान तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री को बताया गया कि हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक एवं श्री रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष पूज्य दाजी के विजन से प्रेरित ब्रज वैभव अभियान का उद्देश्य ब्रज की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक गरिमा को पुनर्जीवित करना है। अभियान के तहत गोविंद कुंड, गंधर्व कुंड और सुरभि कुंड सहित कम से कम दस ऐतिहासिक कुंडों के संरक्षण, जल शुद्धिकरण और पुनरुद्धार का कार्य किया जा रहा है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इस्कॉन और टाटा समूह के सहयोग से राधाकुंड, मिलन कुंड सहित अन्य पौराणिक जलाशयों के संरक्षण एवं कायाकल्प के लिए बायोरिमेडिएशन, सीवेज ट्रीटमेंट तथा घाटों के जीर्णोद्धार की योजनाओं पर कार्य प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ब्रज क्षेत्र के ऐतिहासिक तालाबों और कुंडों के पुनर्जीवन, गोवर्धन परिक्रमा पथ को पर्यावरण अनुकूल बनाने, भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्राचीन वनों के संरक्षण तथा स्थानीय जैव विविधता को बढ़ावा देने की योजनाओं से भी अवगत कराया गया। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सात किलोमीटर लंबे इको-फ्रेंडली इनर परिक्रमा पथ, आधुनिक सिंचाई व्यवस्था, रेन-गन स्प्रिंकलर सिस्टम तथा कमाई, करहाला और सुनरख क्षेत्रों में प्राचीन वनों एवं स्थानीय वनस्पतियों के संरक्षण की योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सुरक्षित रखने में समाज की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हार्टफुलनेस संस्थान की पहल को प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर हार्टफुलनेस कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से प्राप्त यह सराहना किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि ब्रज वैभव अभियान से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक की निष्ठा, मेहनत और समर्पण का सम्मान है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत "हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" महाअभियान के तहत प्रत्येक रविवार मथुरा-वृंदावन में 300 से 400 स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त ब्रज, यमुना संरक्षण तथा ब्रज की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जनचेतना विकसित करने का भी व्यापक प्रयास है।

SP_Singh AURGURU Editor