आयकर विसंगतियों पर आगरा चैम्बर की पहल, CBDT सदस्य से मिला प्रतिनिधिमंडल
आगरा। आज चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में और पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ चेयरमैन अधिवक्ता अनिल वर्मा के नेतृत्व में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के सदस्य (Legislation) आरएन पर्वत तथा कई प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आयकर की विसंगतियों, पोर्टल संबंधी कठिनाइयों और ITR फाइलिंग की अंतिम तिथि बढ़ाने सहित 15 सूत्रीय ज्ञापन प्रस्तुत किया।

बैठक में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एनडब्ल्यूआर चंडीगढ़ आम्रपाली, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त यूपी (ईस्ट) अमूल्य पुष्प, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त यूपी वेस्ट-उत्तराखंड अपर्णा करन और प्रधान आयकर आयुक्त अनुपम कांत गुप्ता भी उपस्थित रहे।
चैम्बर की मुख्य मांगें
आगरा का बजट टारगेट न बढ़ाया जाए, क्योंकि TTZ क्षेत्र की पाबंदियों और अमेरिकी टैरिफ से उद्योग संकट में है।
ITR रिफंड में हो रही देरी को शीघ्र दूर किया जाए।
धारा 139(9) के तहत त्रुटियों को सुधारने के लिए दी गई 15 दिन की समय-सीमा बढ़ाकर 30 दिन की जाए।
31 मार्च 2025 के बाद DTVSV-2024 फॉर्म-4 जारी करने पर स्पष्टीकरण दिया जाए।
CPC द्वारा धारा 154 के तहत आवेदनों का आकस्मिक निपटान सुनिश्चित किया जाए।
ITR और ट्रस्ट पंजीकरण नवीनीकरण की तिथि बढ़ाई जाए।
चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, चेयरमैन अनिल वर्मा, सीए प्रार्थना जालान और अधिवक्ता राजकिशोर खंडेलवाल ने वार्ता में कहा कि आगरा के उद्योग बढ़ने के बजाय घट रहे हैं। ऐसे में बजट लक्ष्य बढ़ाना अनुचित होगा। साथ ही, आगामी बजट में आगरा को विशेष पैकेज देने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि अपीलीय आदेश अक्सर करदाताओं की लिखित प्रस्तुतियों और साक्ष्यों पर पर्याप्त विचार किए बिना दिए जाते हैं। इससे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन होता है और अनावश्यक मुकदमेबाजी को बढ़ावा मिलता है। चैम्बर ने अनुरोध किया कि आदेश पारित करते समय तर्कसंगत और स्पष्ट निर्णय सुनिश्चित किए जाएँ।
CBDT सदस्य आरएन पर्वत ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और चैम्बर द्वारा दिए गए प्रतिवेदन पर शीघ्र और सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, अधिवक्ता राजकिशोर खंडेलवाल और सीए प्रार्थना जालान मौजूद रहे।