आगरा में ‘थाना खरीदने’ वाला डायलॉग पड़ा भारी, स्टंट रील पर सपा नेता दामा यादव पर मुकदमा
आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में रहने वाले कथित सपा नेता दामा यादव ने सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी की रील पोस्ट की, जिसमें पुलिस और थाने को पैसे से खरीदने वाला डायलॉग लगाया गया था। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली और आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की है। पहले भी उस पर स्टंट के मामले में कार्रवाई हो चुकी है।
आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित एंथम सोसाइटी में रहने वाले कथित सपा नेता दामा यादव की सोशल मीडिया रील ने उन्हें कानूनी शिकंजे में ला खड़ा किया है। इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई रील में तेज रफ्तार कार पर स्टंट करते हुए युवक ने ऐसा फिल्मी डायलॉग लगाया, जिसमें पुलिस और पूरे थाने को पैसे से “खरीदने” की बात कही गई। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज कर दी।
रील में एक युवक चलती कार की खिड़की से बाहर खड़ा होकर स्टंट करता दिख रहा है। बैकग्राउंड में फिल्मी डायलॉग सुनाई देता है, “हिंदुस्तान में पैसे की कीमत घट गई होगी, मगर पैसे वालों की कीमत नहीं घटी… 1000 में हवलदार, 10 हजार में इंस्पेक्टर और एक लाख में पूरा पुलिस स्टेशन खरीदने वाला सौदागर हूं।” इस कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
पुलिस ने लिया कड़ा एक्शन
पुलिस अधिकारियों ने वायरल वीडियो की जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि दामा यादव के इंस्टाग्राम हैंडल से कई रील अपलोड की गई थीं, जिनमें तेज रफ्तार वाहन पर स्टंट और आपत्तिजनक डायलॉग शामिल हैं। यह न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाला भी है।
लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति
डीसीपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी स्टंटबाजी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। इस बार सख्ती दिखाते हुए उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंट और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी सुरक्षित कर रही है।