नोटबंदी की सालगिरह पर अखिलेश ने कहा इसे काला अध्याय

लखनऊ। नोटबंदी को आज आठ साल पूरे हो गए हैं। आज ही के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1000 के नोट बंद करने का ऐलान किया था। विपक्षी दल लगातार पीएम मोदी के इस फैसले को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी आज इस दिन को याद करते हुए इसे काला इतिहास बताया और कहा कि बीजेपी के इस फैसले से भारत की अर्थव्यवस्था अनर्थव्यवस्था बन गई।

Nov 8, 2024 - 12:58
 0
नोटबंदी की सालगिरह पर अखिलेश ने कहा इसे काला अध्याय

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नोटबंदी की सालगिरह पर लंबी चौड़ी पोस्ट लिखी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के इतिहास में नोटबंदी के नाम पर एक पूरे-का-पूरा अध्याय सिर्फ काले रंग से ही छापा जाएगा। 

आज नोटबंदी की 8वीं सालगिरह के ठीक एक दिन पहले ही, कल रुपया डॉलर के मुकाबले सबसे कमजोर स्थिति में आ गया। जनता पूछ रही है कि क्या ये नोटबंदी की नाकामयाबी की वजह से हुआ या भाजपा की नकारात्मक नीतियों की वजह से। अब क्या भाजपाई फिर ये कहेंगे कि देश के इतिहास में रुपया डॉलर के मुकाबले सबसे निचले स्तर पर पहुंचकर ‘रिकार्डतोड़’ नहीं गिरा है बल्कि डॉलर ऊपर उठा है। भाजपा ने अर्थव्यवस्था को अनर्थव्यवस्था बना दिया है। रुपया कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!

समाजवादी पार्टी लगातार नोटबंदी को लेकर बीजेपी को घेरती रही है, जबकि बीजेपी का दावा है कि नोटबंदी के बाद कई बार चुनाव हो चुके हैं और जनता ने इस मुद्दे को नकार दिया है। इसलिए विपक्ष के आरोपों में दम नहीं है। 

8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नोटबंदी का ऐलान किया था, जिसके बाद उसी दिन रात 12.00 बजे से 500 और 1000 रुपये के नोटों को बाजार में चलन से बाहर कर दिया गया था। सरकार के इस फैसले के बाद बड़े स्तर देश में उथल-पुथल देखने को मिली थी, लोग अपने नोटों को बदलने की दिन रात बैंक के सामने बैठे दिखाई दिए थे। सरकार ने इसे आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़े प्रहार बताया था।