अयोध्या में राम मंदिर पर आज जिस धर्मध्वज का आज आरोहण हुआ है, उसकी विशेष्टिताओं के बारे में भी जान लीजिए!
अयोध्या। आज अयोध्या नगरी में राम मंदिर पर एक अनूठा पवित्र क्षण आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मंदिर के शिखर पर केशरिया धर्मध्वज फहराया गया। धर्मध्वज स्थापना के साथ राम मंदिर के निर्माण की शास्त्रीय प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई।
श्रीराम मंदिर के शिखर पर जो केशरिया ध्वज फहराया गया, उसमें भी बहुत सी विशिष्टताएं और धार्मिक चिन्ह हैं। ध्वज का माप 22 फीट लंबा और 11 फीट चौड़ा है। इसका वजन लगभग 2 से 3 किलोग्राम बताया गया है। ध्वज विशेष पैराशूट-ग्रेड फैब्रिक (नायलॉन) से बनाया गया है ताकि यह शिखर पर मौसम की चुनौतियों को झेल सके।
ध्वज त्रिभुजाकार आकार का है। ध्वज को 42-फुट ऊंचे ध्वजदंड पर फहराया गया, जो मंदिर की 161-फुट ऊंचाई वाले शिखर पर स्थित है।
ध्वज पर तीन पवित्र और प्रतीकात्मक चिन्ह अंकित किए गए हैं। ये हैं- ॐ जो आध्यात्मिक ऊर्जा और ब्रह्मांडीय ध्वनि का प्रतीक। सूर्य, जो प्रभु राम की सूर्यवंशी वंशावली और उनकी जीवंत शक्ति की अभिव्यक्ति प्रदर्शित करता है। कोविदार वृक्ष— स्वच्छता, पवित्रता और “राम राज्य” का प्रतीक है। ध्वज पर अंकित “ॐ”, “सूर्य” और “कोविदार वृक्ष” न सिर्फ धार्मिक प्रतीक हैं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और वैराग्य-परंपरा की गहराई को दर्शाते हैं।
यह ध्वजारोहण अभिजीत मुहूर्त में किया गया। जो सुबह 11:45 से 12:29 बजे तक था, जिसे शुभ और पवित्र समय माना जाता है। ध्वज का यह पहलू मंदिर की आध्यात्मिक पूर्णता का प्रतीक है। निर्माण कार्य की पूर्णता और मंदिर के आध्यात्मिक सक्रिय होने का भी प्रतीक है।