असम से लाई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, होटल की बालकनी से कूदने से चुटैल, आरोपी महिला और युवक फरार

आगरा। असम से लाई गई किशोरी दुष्कर्म से बचने के लिए होटल की बालकनी से पड़ोस की छत पर कूद पड़ी, जिससे उसके दोनों पैरों में चोट आ गई। घटना के बाद युवक और किशोरी को असम से लाने वाली महिला फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है । 

Dec 4, 2024 - 23:51
 0
असम से लाई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, होटल की बालकनी से कूदने से चुटैल, आरोपी महिला और युवक फरार
यही है वह जगह जहां असम की किशोरी ने बालकनी से कूदकर अपनी जान बचाई।

थाना ट्रांस यमुना के टेढ़ी बगिया क्षेत्र में  आगरा-जलेसर मार्ग पर स्थित राधा कृष्ण होटल की दूसरी मंजिल की बालकनी से किशोरी ने छलांग लगा दी। दोनों पैरों में फैक्चर हो गया। सूचना पर होटल पहुंची पुलिस को पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह असम की रहने वाली है। घरवालों से नाराज होकर वह घर से निकल आई थी। 

उसने बताया कि गुवाहाटी स्टेशन पर उसे एक महिला मिली। वह उसे टूंडला स्टेशन ले आई। यहां पर महिला का परिचित एक युवक मिल गया। दोनों उसे यहां होटल में लेकर आ गए थे। यहां पर युवक ने उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। 

किशोरी ने पुलिस को बताया कि अस्मत बचाने के लिए वह होटल की बालकनी से कूद गई। बगल में एक दुकान की छत पर वह अटक गई। घायल होने पर चीखने लगी। इस पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके आने का इंतजार कर रही है। वहीं पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor