छांगुर बाबा की कोठी पर दूसरे दिन भी चल रहा बाबा का बुलडोजर

बलरामपुर में जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की आलीशान कोठी पर बुलडोजर चला, क्योंकि उस पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने और धर्मांतरण में शामिल होने का आरोप है। प्रशासन ने कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी की मौजूदगी में कोठी के अवैध हिस्से को गिरा दिया।  

Jul 9, 2025 - 12:12
Jul 9, 2025 - 12:34
 0
छांगुर बाबा की कोठी पर दूसरे दिन भी चल रहा बाबा का बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा के खिलाफ जिला प्रशासन का बुलडोजर बुधवार को भी गरजा। उतरौला तहसील के मधपुर गांव में स्थित उसकी आलीशान कोठी पर मंगलवार सुबह से ही कार्रवाई शुरू हो गई थी, जो दूसरे दिन भी जारी रही। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन बीघा भूमि में बनी 40 कमरों वाली यह कोठी सरकारी बंजर ज़मीन पर अवैध रूप से खड़ी की गई थी। बुधवार को कई थानों की फोर्स, प्रशासनिक अफसरों और कुल 10 बुलडोजरों की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

गैस कटर से गेट तोड़कर शुरू हुई कार्रवाई

मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रशासनिक अफसरों ने सबसे पहले गैस कटर से मुख्य गेट का ताला काटा और कोठी के भीतर प्रवेश किया। जलालुद्दीन के साथ रहने वाली महिला नीतू नवीन रोहरा उर्फ नसरीन के नाम पर दर्ज इस कोठी के एक हिस्से पर सबसे पहले तीन बुलडोजर लगाए गए, लेकिन धीमी प्रगति को देखते हुए सात और बुलडोजर मंगवाए गए। यह पूरा परिसर कुल 11 बीघा में फैला है जिसमें डिग्री कॉलेज का निर्माण भी शुरू किया गया था।

रात में ही खाली कर दी गई कोठी

कार्रवाई की आशंका को देखते हुए सोमवार रात करीब 11.30 बजे जलालुद्दीन और उसके परिजन कोठी से सामान समेटकर निकल गए थे। मंगलवार को तहसीलदार/प्रभारी मजिस्ट्रेट सत्यपाल प्रजापति व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कोठी पर तीन नोटिस चस्पा किए गए। ये नोटिस पहले ही 17 मई, 26 मई और 6 जून 2025 को जारी किए जा चुके थे।

नीतू के नाम से चस्पा किए गए नोटिस में उल्लेख है कि गाटा संख्या 337/370, कुल रकबा 0.0060 हेक्टेयर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश न्यायालय तहसीलदार उतरौला द्वारा 15 मई को दिए गए थे। सात दिन की मोहलत के बाद भी जमीन खाली न किए जाने पर अब बलपूर्वक कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दिया सख्त संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्रवाई के बीच ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर कड़ा संदेश देते हुए लिखा, हमारी सरकार बहन-बेटियों की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जलालुद्दीन की गतिविधियां समाज विरोधी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र विरोधी भी हैं। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी और उन्हें कानून के अनुसार ऐसी सजा दी जाएगी, जो समाज के लिए उदाहरण बने। उत्तर प्रदेश में शांति, सौहार्द और महिलाओं की सुरक्षा को भंग करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

एटीएस ने धर्मांतरण व विदेशी फंडिंग में किया खुलासा

एटीएस ने जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा, उसकी कथित पत्नी नीतू नवीन रोहरा उर्फ नसरीन, बेटा महबूब और अन्य सहयोगियों को धर्मांतरण कराने व विदेशी फंडिंग प्राप्त करने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि जलालुद्दीन हिंदू युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर या डराकर उनका धर्म परिवर्तन कराता था।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने पुष्टि की है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए भवन को नियमानुसार गिराया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जलालुद्दीन और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री के सख्त रुख से साफ है कि अब इस गिरोह के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई रुकेगी नहीं।