बरेली जंक्शन पर अतिथि देवो भवः की मिसाल, इजरायली पर्यटक बोले- वाह इंडियन रेलवे
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ‘अतिथि देवो भवः’ एक बार फिर सजीव होता नजर आया, जब विदेशी मेहमानों की मदद के लिए रेलवे स्टाफ ने न सिर्फ तत्परता दिखाई, बल्कि उनकी हर समस्या का समाधान कर उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक रवाना भी किया। इजरायल से भारत भ्रमण पर आए इंजीनियर लिओ और उनकी मित्र जोय ने भारतीय रेलवे और स्टेशन स्टाफ की सराहना करते हुए कहा- वाह इंडियन रेलवे, आपने दिल जीत लिया।
भटके पर्यटकों को मिला सहारा, सीएमआई ने संभाली कमान
गुरुवार को बरेली जंक्शन पर गुवाहाटी जाने के लिए ट्रेन की तलाश में इजरायली पर्यटक लिओ और जोय इधर-उधर भटक रहे थे। उनके साथ एक हिल राइडर बाइक भी थी, जिसे पार्सल कराना था। भाषा की दिक्कत और सही जानकारी न मिलने के कारण दोनों परेशान हो रहे थे।
जैसे ही यह सूचना मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) मोहम्मद इमरान चिश्ती तक पहुंची, उन्होंने तत्काल अपनी टीम के साथ पर्यटकों से संपर्क किया और स्थिति को संभाला।
टिकट से लेकर बाइक पार्सल तक हर समस्या का समाधान
सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती ने न केवल दोनों पर्यटकों को अपने कार्यालय में बैठाकर उनकी समस्या सुनी, बल्कि खुद निगरानी करते हुए लोहित एक्सप्रेस में उनका टिकट कन्फर्म कराया। साथ ही उनकी बाइक की पार्सल बुकिंग कराकर उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेन में लोड भी कराया।
इस सहयोग से भावुक होकर पर्यटकों ने रेलवे स्टाफ का आभार जताया।
गुवाहाटी पहुंचकर जताया आभार, कहा- नहीं भूलेंगे भारत का प्यार
शुक्रवार को सकुशल गुवाहाटी पहुंचने के बाद लिओ और जोय ने विशेष रूप से सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती और उनकी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत में चार महीनों के दौरान उन्हें जो सम्मान, सहयोग और अपनापन मिला, वह अविस्मरणीय है।
चार महीने से भारत भ्रमण पर, वाराणसी ने जीता दिल
इजरायल के नोफेख गांव निवासी इंजीनियर लिओ और उनकी मित्र जोय पिछले चार महीनों से भारत भ्रमण पर हैं। दिल्ली से किराये पर बाइक लेकर उन्होंने उत्तराखंड, नेपाल और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों का भ्रमण किया।
लिओ के अनुसार, वाराणसी उन्हें सबसे सुंदर शहर लगा। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी में उनके एक मित्र का परिवार रहता है, जहां किसी सदस्य के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने पर वे तत्काल वहां पहुंचना चाहते थे।
भारत-इजरायल और वैश्विक हालात पर भी जताई चिंता
चर्चा के दौरान दोनों पर्यटकों ने इजरायल और ईरान के मौजूदा तनावपूर्ण हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिस्थितियां बेहद खराब हैं, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही शांति स्थापित होगी।
भारतीय संस्कृति की झलक से अभिभूत विदेशी मेहमान
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत में ‘अतिथि देवो भवः’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन का हिस्सा है। बरेली जंक्शन पर रेलवे स्टाफ की संवेदनशीलता और तत्परता ने विदेशी मेहमानों के दिल में भारत की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया।