अब गांव-गांव में मजबूत होगी भारतीय मजदूर संघ की पकड़, तहसील और ब्लॉक संयोजक घोषित

भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा की ओर से जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में संगठन विस्तार बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी 6 तहसीलों और 15 ब्लॉकों के संयोजकों की घोषणा की गई। संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की रणनीति बनाई गई। साथ ही 1 से 3 जनवरी 2027 तक कानपुर में होने वाले प्रदेश अधिवेशन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

Nov 15, 2026 - 18:14
 0
अब गांव-गांव में मजबूत होगी भारतीय मजदूर संघ की पकड़, तहसील और ब्लॉक संयोजक घोषित
आगरा के नव चयनित ब्लाक अध्यक्षों के साथ भामसं के प्रदेश पदाधिकारी।

आगरा। भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और गांव-गांव तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संगठन विस्तार बैठक का आयोजन किया गया। रविवार को जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ओमप्रकाश भगोर ने की तथा संचालन जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा एवं मुख्य वक्ता के रूप में संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल उपस्थित रहे।

बैठक में जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए जिले की सभी 6 तहसीलों एवं उनके अंतर्गत आने वाले 15 ब्लॉकों के संयोजकों के नामों की घोषणा की। इसके साथ ही जिले के प्रत्येक गांव तक संगठन का विस्तार करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल ने संगठन की आवश्यकता, उसकी कार्यशैली, विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती उसकी जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा से आती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।

मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा ने प्रदेश संगठन की ओर से जिले को दिए गए दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी 1 से 3 जनवरी 2027 तक कानपुर में आयोजित होने वाले प्रदेश अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन का आह्वान किया।

बैठक में जिला संरक्षक अश्विनी शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार गौतम, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल महामंत्री उमाकांत भारद्वाज, आशा संगिनी की संयोजक पप्पी धनगर, कुलदीप राणा, अनामिका शर्मा, जगन्नाथ शर्मा, सतीश मौर्य, सोमेश गौतम एवं राहुल भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।