दिल्ली में भाजपा को शुरुआती रुझानों में बहुमत

केजरीवाल, आतिशी, मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज पीछे भाजपा 43, आप 26 और कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है यूपी के मिल्कीपुर सीट पर भाजपा को बड़ी बढ़त हासिल हुई

Feb 8, 2025 - 09:09
 0
दिल्ली में भाजपा को शुरुआती रुझानों में बहुमत


नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बहुमत हासिल हो गई। नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुरुआती रुझानों में पीछे हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रवेश वर्मा आगे चल रहे हैं। अगर आगे भी यही रुझान रहे तो ये केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। अबतक जिन सीटों पर शुरुआती रुझान सामने आए हैं, उनमें आम आदमी पार्टी के कुछ बहुत ही बड़े चेहरे पीछे चल रहे हैं।

कालकाजी सीट से आतिशी भी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रही हैं। वहां बीजेपी के रमेश बिधूड़ी आगे हैं। मनीष सिसोदिया की सीट जंगपुरा पर भी आम आदमी पार्टी की यही स्थिति है। सिसोदिया भी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रहे हैं। ओखला से आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान भी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रहे हैं। राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से बीजेपी के सिख चेहरे मनजिंदर सिंह सिरसा आगे चल रहे हैं। बाबरपुर से आम आदमी पार्टी के गोपाल राय पीछे चल रहे हैं। वहीं ग्रेटर कैलाश से आप के सौरभ भारद्वाज पीछे चल रहे हैं। यहां से भाजपा की शिखा राय आगे टल रही हैं।

2020 के विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल ने 46,758 वोट पाकर जीत हासिल की थी। बीजेपी के सुनील कुमार यादव 25,061 वोट के साथ दूसरे नंबर पर थे। 2015 में भी अरविंद केजरीवाल ने यहां से एकतरफा जीत हासिल की थी। उन्हें 57,213 वोट मिले थे। बीजेपी की नूपुर शर्मा को 25,630 वोट मिले थे और वह दूसरे नंबर पर रही थीं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोट डाले गए थे। आम आदमी पार्टी लगातार दो चुनावों में प्रचंड जीत के बाद इस बार सरकार बचाए रखने की चुनौती का सामना कर रही है। बीजेपी 1998 से ही दिल्ली की सत्ता से बाहर है और उसे 27 साल बाद इस सूखे के खत्म होने की उम्मीद है। 1998 से 2013 तक लगातार 15 साल तक दिल्ली की सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस को भी राष्ट्रीय राजधानी में अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस पाने की उम्मीद है।

अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बैलेट पेपर की गिनती जारी है। बैलेट पेपर में अभी तक बीजेपी आगे, ईवीएम भी खुली है। पहले राउंड के 14 ईवीएम में 3995 वोटों से भाजपा आगे है। मिल्कीपुर सीट पर बीजेपी के चंद्रभानु और सपा से अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत चुनाव मैदान में हैं।