जिस बहन ने छुड़ाया जेल से, उसी को भाई ने उतारा मौत के घाट
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जेल से छूटकर आए भाई ने अपनी ही बहन अनीता कुशवाह की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। जिस बहन ने उसकी जमानत कराई, वही उसकी हिंसा का शिकार बन गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जेल से छूटकर लौटा भाई पैसों को लेकर करता रहा झगड़ा, रात में तैश में आकर तमंचे से बहन की हत्या
आगरा। आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रुपयों के विवाद ने भाई-बहन के रिश्ते को खून में डुबो दिया। नगला पोप, अर्जुन नगर में बुधवार देर रात 50 वर्षीय अनीता कुशवाह की उनके ही सगे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घर में ही बहा खून
मृतका अनीता कुशवाह अपने पति संजय के साथ रहती थीं, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार, अनीता का भाई रवि कई साल पहले जेल गया था। जेल जाने से पहले उसने अपनी कुछ रकम बहन के पास रखी थी। चार साल पहले जेल से छूटने के बाद वह लगातार बहन से पैसे वापस मांग रहा था।
बहन ने कराई थी जमानत
परिवार ने बताया कि रवि की जमानत भी अनीता ने ही कराई थी। बावजूद इसके, वह आए दिन पैसों को लेकर झगड़ा करता था। आर्थिक तंगी के चलते अनीता पैसे लौटाने में असमर्थ थी। बुधवार रात भी रवि घर पहुंचा और विवाद करने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि उसने तमंचा निकालकर अपनी ही बहन पर गोली चला दी। गोली लगते ही अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई, जबकि आरोपी रवि अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
चार टीमें आरोपी की तलाश में
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया गया है।