हार्डवेयर की ओट में धमाका कारोबार! आगरा पुलिस ने दबोचा 1200 किलो अवैध पटाखों का जखीरा

दीपावली से पहले आगरा पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू आगरा के नगला पदी स्थित एक हार्डवेयर स्टोर से 1200 किलोग्राम से अधिक आतिशबाजी जब्त की है। पुलिस द्वारा दुकान की मालकिन पूनम चौरसिया से पूछताछ की जा रही है।

Oct 12, 2025 - 13:38
 0
हार्डवेयर की ओट में धमाका कारोबार! आगरा पुलिस ने दबोचा 1200 किलो अवैध पटाखों का जखीरा
न्यू आगरा पुलिस द्वारा नगला पदी में चौरसिया हार्डवेयर से जब्त की गई अवैध आतिशबाजी।

आगरा। दीपावली से पहले पुलिस की सख्त निगरानी में न्यू आगरा क्षेत्र के नगला पदी स्थित चौरसिया हार्डवेयर स्टोर में छिपे खतरनाक कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही एसीपी हरिपर्वत के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजीव त्यागी ने टीम संग मौके पर छापा मारा।

दुकान के भीतर छिपा 1200 किलो से अधिक पटाखों का माल देखकर पुलिस भी दंग रह गई। मौके से विभिन्न ब्रांडों के रॉकेट, बम, अनार, चकरी और स्पार्कलर बरामद हुए। छापेमारी के दौरान मौजूद पूनम चौरसिया से पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह आतिशबाजी खुदरा बिक्री के लिए थी या किसी बड़े व्यापारी तक सप्लाई की जानी थी।

थानाध्यक्ष राजीव त्यागी ने बताया कि बिना लाइसेंस आतिशबाजी का भंडारण या बिक्री करना विस्फोटक अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले पुलिस लगातार क्षेत्रवार जांच कर रही है और किसी भी स्तर पर अवैध पटाखा कारोबार बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध भंडारण की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor