संत रविदास के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की मुहिम, स्कूल-कॉलेजों में महासभा का जागरूकता अभियान
आगरा। संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों और युवाओं को उनके समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता के विचारों से जोड़ने के लिए संत शिरोमणि गुरु रविदास महासभा ने शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को महासभा पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संपर्क कर प्रधानाचार्यों और प्रबंधन से संत रविदास के जीवन एवं विचारों पर संगोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का आह्वान किया।
प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र एवं क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समानता पहुंचाने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों के मन में उनके विचारों के बीज रोपे जाएं तो समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने कहा कि नई पीढ़ी को संत रविदास के विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
इसी कड़ी में 13 सितंबर को गढ़ी भदौरिया स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर हवन और धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे। इसके अलावा 2, 3 और 4 अक्टूबर को बीएसएनएल ग्राउंड में समरसता महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि संत रविदास का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि वह पूरे समाज को समानता, भाईचारे और मानवता की राह दिखाता है। विद्यार्थियों और युवाओं को उनके विचारों से जोड़कर सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी विजय सामा, सह सचिव डॉ. निष्ठा शर्मा, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य बसंत बहादुर, बैकुंठी देवी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पूनम सिंह, डॉ. एमपीएस कॉलेज के निदेशक डॉ. एके सिंह, मानसिक आरोग्यशाला के निदेशक डॉ. दिनेश राठौर, आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके गौतम, सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के प्रधानाचार्य ईश्वर सिंह और बीडी जैन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वंदना अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।