गोवर्धन धाम की यात्रा पर निकलेगा 1500 पदयात्रियों का कारवां; दुग्धधार परिक्रमा से होगा महोत्सव का शुभारंभ
आगरा। गिरिराज महाराज की भक्ति और आस्था से जुड़ी श्री गोवर्धन धाम पदयात्रा महोत्सव-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगरा से श्री 5गोवर्धन धाम पदयात्रा परिक्रमा सेवा संस्था की ओर से आयोजित होने वाली चार दिवसीय पदयात्रा 30 जुलाई को आगरा से श्री गोवर्धन धाम के लिए प्रस्थान करेगी। गुरुवार को वाटर वर्क्स स्थित होटल अतिथि वन में पदयात्रा महोत्सव के आमंत्रण-पत्र का विमोचन कर शहरवासियों को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
संस्था के अध्यक्ष रमन बाबू अग्रवाल ने बताया कि 30 जुलाई को शाम चार बजे सैकड़ों पदयात्रियों का समूह अपने-अपने क्षेत्रों से टोलियां बनाकर नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर पर एकत्रित होगा। यहां से ठाकुर जी की झांकी के समक्ष संकीर्तन करते हुए पदयात्री शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेंगे। रात्रि नौ बजे सिकंदरा स्थित समाधिया फार्म हाउस पर प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल और समाजसेवी भगवानदास बंसल द्वारा किया जाएगा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
संस्था के सचिव मनोज गर्ग ने बताया कि पदयात्रा एक अगस्त को गोवर्धन धाम पहुंचेगी। यहां रात्रि में सप्तकोशीय दुग्धधार परिक्रमा का आयोजन होगा। इसके बाद दो अगस्त को प्रातः आठ बजे गिरिराज महाराज का अभिषेक, नौ बजे भजन-कीर्तन, 11 बजे साधु-संत सेवा और दोपहर 12 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी धार्मिक कार्यक्रम गोवर्धन स्थित श्री गुरु कार्ण्षि गुरु शरणानंद के आश्रम में आयोजित होंगे। इस बार पदयात्रा में करीब 1500 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आमंत्रण-पत्र विमोचन कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नरेंद्र दत्त गोयल, राजेश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष राकेश मंगल, संयोजक विजय वीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंघल मोनू, नितेश अग्रवाल, भगवानदास बंसल, संजय मित्तल, आशीष अग्रवाल, शांति स्वरूप गोयल, नीरज जैन, जगदीश बगला, संतोष शर्मा और रमेश चंद सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।