मोदी और संघ पर कन्हैया कुमार की टिप्पणी को लेकर केस दर्ज
पटना। कांग्रेस नेता और एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मीडिया प्रभारी दानिश इक़बाल ने पटना के कोतवाली थाना में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि कन्हैया कुमार ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के लिए 'संघी' और आरएसएस को 'आतंकवादी' कहकर दोनों को गाली दी। शिकायत में लिखा गया है कि 'उनकी इस भाषा से करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।'
दानिश इकबाल ने शिकायत में आगे बताया कि वे अपने मित्रों और कार्यकर्ताओं के साथ पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उक्त इंटरव्यू देख रहे थे। उन्होंने लिखा, 'कन्हैया कुमार की अमर्यादित भाषा सुनकर हम सभी आहत और व्यथित हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री और एक राष्ट्रवादी संगठन को आतंकवादी कहकर संबोधित किया, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।'
इकबाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा कि कन्हैया कुमार ने जानबूझकर प्रधानमंत्री और आरएसएस की छवि खराब करने की कोशिश की है। उनका कहना है कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
शिकायत में यह भी निवेदन किया गया है कि कन्हैया कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।