शाहजहांपुर में दलित की मौत मामले में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंगलवार रात छापेमारी के दौरान दलित व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला गरमा गया है। मृतक सत्यभान (55) की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दरोगा राहुल सिसौदिया और एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, गाली-गलौज और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Nov 7, 2025 - 13:17
 0
शाहजहांपुर में दलित की मौत मामले में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

थाना तिलहर क्षेत्र के मौजमपुर गांव निवासी सत्यभान की मंगलवार रात छत से गिरकर मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसके बेटे को गिरफ्तार करने आई थी, जिस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। मृतक की पत्नी ने तहरीर में कहा कि दरोगा राहुल सिसौदिया और एक अन्य पुलिसकर्मी ने जबरन दरवाजा तोड़कर घर में घुसते हुए सत्यभान को छत पर पीटा, महिलाओं से गालीगलौज और उसे छत से गिरा दिया, जिससे इलाज के दौरान रात 3 बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में घर गई थी, लेकिन जानकारी मिली कि वह दिल्ली में है, इसलिए टीम लौट आई। उन्होंने कहा कि छत से धक्का देने की बात पूरी तरह है, क्योंकि पुलिस ने तो घर के भीतर प्रवेश ही नहीं किया था।

एसपी द्विवेदी ने कहा, मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया है। फिर भी दर्ज रिपोर्ट के आरोपों की जांच कराई जा रही है। अगर कोई दोषी होगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया है।

उधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें घायल अवस्था में व्यक्ति (मृतक) यह दावा कर रहा है कि पुलिस ने उसे पीटा और छत से धक्का दिया। पुलिस ने इस वीडियो की सत्यता पर संदेह जताया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर एक्स और फेसबुक पर पोस्ट करते हुए प्रदेश सरकार को घेरा है।

SP_Singh AURGURU Editor