केंद्र और राज्य मिलकर आगरा में बनाएंगे पंचायतीराज का विजन 2047 का प्लान

आगरा। पीएम नरेंद्र मोदी के विजन 2047 को पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा लागू करने का एक्शन प्लान आगरा में बनेगा। आजादी के सौ वर्ष पूरे होने पर देश में पंचायतों की दशा और दिशा का खाका यहां तैयार होगा। इसके लिए पंचायतीराज व्यवस्था से जुड़े देशभर से विशेषज्ञ, राज्यों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी आगरा में 19 नवंबर को जुटेंगे।

Nov 9, 2024 - 20:40
 0
केंद्र और राज्य  मिलकर आगरा में बनाएंगे पंचायतीराज का विजन 2047 का प्लान
19 नवंबर को आयोजित पंचायती राज कान्फ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा करते आगरा के जिलाधिकारी।

- 19 नवंबर को ताज कन्वेंशन सेंटर में जुटेंगे पंचायती राज से जुड़े विशेषज्ञ, केंद्र व राज्यों के मंत्री और अधिकारी

एक दिवसीय कान्फ्रेंस की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार तथा पंचायती राज विभाग उ.प्र.के संयुक्त तत्वावधान में होटल ताज एंड कन्वेंशन सेंटर में 19 नवंबर को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस तथा वर्कशॉप के आयोजन से संबंधित तैयारियों हेतु समीक्षा बैठक होटल ताज एंड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न हुई।

बैठक में निदेशक पंचायतीराज अटल कुमार राय ने बताया कि पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार तथा पंचायती राज विभाग उ.प्र. के संयुक्त तत्वावधान एक दिवसीय वर्कशॉप तथा कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। वर्कशॉप तथा कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य पंचायतीराज मंत्रालय के कार्यों की समीक्षा करना, जमीनी स्तर पर पंचायतों के माध्यम से सेवा वितरण को सघन बनाने तथा वर्कशॉप के माध्यम से इस हेतु प्रशिक्षित करना और "विजन 2047" को पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा लागू करने के लिए एक्शन प्लान बनाना है। 

उन्होंने बताया कि इस अखिल भारतीय वर्कशॉप व कॉन्फ्रेंस में असम,अरुणाचल प्रदेश,नगालैंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगण, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों की सहभागिता होगी। केंद्र तथा सभी राज्यों के पंचायती राज मंत्रालय से संबंधित विभागों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य प्रमुख हितधारक समूह शामिल होंगे। 

निदेशक राय ने बताया कि आने वाले वर्षों में करोड़ों लाभार्थियों पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले रणनीतिक सुधारों और सुधारों के लिए आधारशिला पर चिंतन, मंथन तथा प्रशिक्षण पर विभिन्न सत्रों में विचार विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में पंचायती राज्य मंत्री भारत सरकार प्रो.एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग मंत्री ओमप्रकाश राजभर एवं केंद्रीय व राज्य के मंत्रीगण, सचिव तथा विशिष्ट जन की कार्यक्रम में उपस्थिति रहेगी। 

बैठक में मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों के स्वागत, यातायात व्यवस्था, आवासीय सुविधा, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल सम्बन्धी व्यवस्था किये जाने से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से सभी आगंतुकों की सूची, उनके ठहरने,लाइजनिंग अधिकारियों को नामित करने, सुरक्षा व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण,आवागमन की व्यवस्था आदि हेतु समन्वय स्थापित कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह,अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अरुण श्रीवास्तव, अपर नगरायुक्त सुरेंद्र यादव,क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor