चैम्बर ने आगरा में आईटी सिटी और नए औद्योगिक क्षेत्र की मांग उठाई, डीएम मनीष बंसल ने उद्यमियों को दिया भरोसा, सभी विभागों के साथ जल्द होगी बैठक

आगरा। आगरा में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एण्ड कॉमर्स ने प्रशासन के सामने 13 सूत्रीय मांगपत्र रखते हुए आईटी सिटी की स्थापना, नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास और ताज संरक्षित क्षेत्र में गैर प्रदूषणकारी उद्योगों की अनुमति प्रक्रिया सरल करने की मांग उठाई है। चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी मनीष बंसल और उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह के साथ हुई बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, टोल वसूली, यातायात, बिजली कनेक्शन और पर्यटन विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए। जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कराने का आश्वासन दिया।

Nov 17, 2026 - 20:51
 0
चैम्बर ने आगरा में आईटी सिटी और नए औद्योगिक क्षेत्र की मांग उठाई, डीएम मनीष बंसल ने उद्यमियों को दिया भरोसा, सभी विभागों के साथ जल्द होगी बैठक
नेशनल चैम्बर सभागार में उद्यमियों के साथ हुई बैठक में बोलते जिलाधिकारी मनीष बंसल। मंचस्थ हैं चैम्बर के पदाधिकारी।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि ताज संरक्षित क्षेत्र में व्हाइट कैटेगरी के गैर प्रदूषणकारी उद्योगों की स्थापना के लिए नीरी, सीईसी और टीटीजेड की संयुक्त समिति अनुमति दे रही है, लेकिन प्रक्रिया की जटिलताओं के कारण उद्यमियों को परेशानी होती है। उन्होंने नियम सरल करने और नुनिहाई, फाउंड्री नगर व सिकंदरा में भूमि की कमी को देखते हुए नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग की।

पूर्व अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने यूपीसीडा के 35 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से वसूले जा रहे मेंटेनेंस शुल्क को अधिक बताते हुए इसमें कमी करने और औद्योगिक भूखंडों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उद्यमियों पर रखरखाव शुल्क के साथ जल निगम का जलकर भी अतिरिक्त बोझ बन रहा है।

पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने उत्तरी और दक्षिणी बाईपास सहित इनर रिंग रोड पर टोल समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाहरी वाहनों को बाईपास से निकालने की व्यवस्था होने पर शहर को जाम, दुर्घटनाओं और प्रदूषण से राहत मिलेगी। टोरंट पावर द्वारा छोटे व्यावसायिक बिजली कनेक्शन के लिए फायर एनओसी मांगने का मुद्दा भी उठाया गया। साथ ही ग्रीन गैस और गेल गैस के बिलों के नाम पर व्हाट्सएप पर भेजी जा रही फर्जी एपीके फाइलों से साइबर ठगी के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया।

पूर्व अध्यक्ष श्रीकिशन गोयल ने श्रम विभाग में फर्जी शिकायतों के आधार पर उद्यमियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने और एटा की ओर जाने वाली निजी बसों का संचालन रामबाग के बजाय टेढ़ी बगिया से कराने की मांग की। चैम्बर सदस्य प्रदीप वासन ने बोदला-बिचपुरी रोड का 150 फुट चौड़ीकरण और बिचपुरी रेलवे फाटक पर स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।

पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आगरा में आईटी सिटी स्थापित करने के लिए आईटी कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो और एचसीएल जैसी कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित करने की जरूरत बताई। उनके अनुसार रोजगार के अभाव में प्रतिवर्ष 15 से 20 हजार युवा दूसरे शहरों में पलायन कर रहे हैं। आईटी उद्योगों से इस पलायन पर रोक लग सकती है। ग्रेटर आगरा और आगरा-मथुरा रोड को इसके लिए उपयुक्त बताया गया।

उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने आगरा के ब्रश और चांदी उद्योग को ओडीओपी तथा प्रसिद्ध बेड़ई को ओडीओसी योजना में शामिल करने की मांग की। पर्यटन विकास से जुड़े प्रकोष्ठों के चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल और होटल-रेस्टोरेंट प्रकोष्ठ के चेयरमैन ने कई वर्षों से बंद पर्यटन बंधु की बैठक दोबारा नियमित रूप से शुरू कराने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि चैम्बर की ओर से उठाए गए मुद्दे आगरा के औद्योगिक और शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जल्द बैठक की जाएगी। शासन स्तर से जुड़े मामलों को भी आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा ने दिया। बैठक में प्रशांत जैन, विनय मित्तल, केके पालीवाल, एसएस गोयल, योगेन्द्र कुमार सिंघल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, मनोज कुमार गुप्ता, संजय अरोरा, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, विजय कुमार गुप्ता, प्रशांत मित्तल, नितिन अग्रवाल, संजय कुमार गोयल, शैलेन्द्र बंसल, सचिन सरास्वत, मयंक मित्तल, अशोक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सुरेश चंद बंसल, राकेश सिंघल, राजेन्द्र गर्ग, अनूप गोयल, अशोक गोयल, अमित बंसल, सुनील सिंघल, नारायन भरानी, धर्मगोपाल मित्तल, गिरीश चंद गोयल, राकेश चौहान, मयंक कुमार अग्रवाल, देवेन्द्र गोयल, अखिलेश कुमार दूबे, विकास मेहरा, पीके अग्रवाल, राजकुमार भगत और केडी गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor