ब्रज विकास को सीएसआर का बड़ा सहारा: हेरिटेज संरक्षण, कुंडों के पुनर्जीवन, स्मार्ट सुविधाओं और पर्यटन विस्तार के लिए देशभर की संस्थाओं ने दिए प्रस्ताव, मंडलायुक्त की सख्त हिदायत- काम में न हो देरी
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद अब जनसहभागिता और कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। परिषद के सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता और उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की उपस्थिति में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में देश भर की प्रतिष्ठित संस्थाओं ने ब्रज के हेरिटेज, लैंडस्केपिंग और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
ब्रज में श्रद्धालु सुविधाओं के विस्तार पर जोर
बैठक में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, कुंडों के जीर्णोद्धार, तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने नगर आयुक्त जग प्रवेश, डीएफओ वीसी पटेल सहित संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सूचीबद्ध कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू किया जाए।
ब्रज की पहचान को संवारने की पहल
मुख्य अतिथि शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ब्रज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली है, ऐसे में इसका समग्र विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनसहभागिता के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती और सभी संस्थाओं से सेवा भाव के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
कुंडों के पुनर्जीवन से लेकर बसों के दान तक प्रस्ताव
बैठक में विभिन्न संस्थाओं ने कई ठोस और प्रभावी प्रस्ताव रखे। हार्टफुलनेस फाउंडेशन, हैदराबाद के संजय सहगल, श्रीनिवास, सुधा किरण व चित्रा श्रीवास्तव ने 6 कुंडों के पुनरुद्धार, जल संरक्षण और घाट विकास का प्रस्ताव दिया।
प्रांजिवन भगवानदास पोपट चैरिटेबल ट्रस्ट, अहमदाबाद के फाल्गुन खंडेलवाल ने गोवर्धन, विश्राम घाट और दाऊजी घाट पर पेयजल व यात्री सुविधाएं बढ़ाने की योजना रखी।
इन्फिनिटी ग्रुप, अहमदाबाद के रविंद्र चमड़िया व रवि शंकर ने छटीकरा-जमुनावता मार्ग पर 6 बसें दान देने की घोषणा की।
मुंबई के नारायण अग्रवाल ने गौशालाओं के सुधार का प्रस्ताव रखा।
एम3एम फाउंडेशन, गुरुग्राम की सुप्रिया यादव ने सोलर लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव दिया।
एमएलसी लक्ष्मीकांत बाजपेयी के प्रतिनिधि डॉ. डी.पी. गोयल और रविंद्र पांडेय ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुविधा का प्रस्ताव रखा।
लिविंग पीस प्रोजेक्ट फाउंडेशन इंडिया के विकास चतुर्वेदी व ब्रिगेट वैन वेरन ने 2 कुंडों के पुनरुद्धार की बात कही।
रिलायंस फाउंडेशन, मुंबई ने 2 कुंडों के जीर्णोद्धार और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के संरक्षण में सहयोग की पेशकश की।
इसके अलावा सामर्थ्य देव कनेक्ट एलपीपी, चैतन्य हेल्थ केयर ट्रस्ट, अमेतत्यमा चैरिटेबल ट्रस्ट और रमेश चंद्रू हिस्टोरिका समेत अन्य संस्थाओं ने भी जल संरक्षण, स्मार्ट क्लास, घाट सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव दिए।
समन्वय और गति पर जोर
बैठक का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा ने किया। इस दौरान डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, चीफ इंजीनियर आर.पी. राणा, सहायक अभियंता राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग और संस्थाएं मिलकर कार्य करें और योजनाओं को धरातल पर उतारने में देरी न करें, ताकि ब्रज क्षेत्र की धार्मिक और पर्यटन महत्ता के अनुरूप विकास सुनिश्चित किया जा सके।