आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी से ट्रॉली बैग से मिले सड़े-गले मानव अंग
आगरा। चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन की जनरल बोगी में लावारिस पड़े एक ट्रॉली बैग से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। बैग खोलने पर उसके भीतर सड़े-गले मानव अंग मिलने से रेलवे स्टेशन पर सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद शव के अवशेष ठिकाने लगाने से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार चेन्नई से नई दिल्ली की ओर जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस बुधवार तड़के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंची थी। ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री ने रेलवे पुलिस को सूचना दी कि जनरल कोच में रखा एक ट्रॉली बैग काफी समय से लावारिस पड़ा है और उससे तेज बदबू के साथ तरल पदार्थ भी रिस रहा है।
सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे। बैग को सुरक्षित कब्जे में लेकर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें मानव शरीर के अंग मिले, जो काफी हद तक गल चुके थे और काले पड़ गए थे। इस भयावह दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
जांच के दौरान बैग पर चेन्नई का रैपर और स्टिकर लगा मिला है। इसी आधार पर पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि बैग संभवतः चेन्नई से ही ट्रेन में रखा गया था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बैग किस यात्री का था और इसे ट्रेन में किस स्टेशन से चढ़ाया गया।
रेलवे पुलिस ने मानव अंगों के फॉरेंसिक नमूने सुरक्षित करा लिए हैं। बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अंग कितने पुराने हैं, वे एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं, तथा मृत्यु का कारण क्या हो सकता है।
जांच अधिकारी इस संभावना को भी गंभीरता से देख रहे हैं कि मामला मानव अंगों की अवैध तस्करी से जुड़ा हो सकता है। वहीं दूसरी ओर हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें ट्रॉली बैग में भरकर ट्रेन के माध्यम से ठिकाने लगाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। दोनों बिंदुओं पर समानांतर जांच की जा रही है।
पुलिस अब तमिलनाडु एक्सप्रेस के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, यात्रियों की जानकारी तथा रेलवे के अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बैग रखने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही जांच का दायरा चेन्नई तक बढ़ाया गया है और वहां की स्थानीय पुलिस से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है। जांच टीम के चेन्नई जाकर मामले की तह तक पहुंचने की तैयारी भी की जा रही है।
रेलवे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।