श्रीमद् भागवत कथा में अजन्मे के जन्म पर झूमे भक्त, गूंजी बधाइयां
आगरा। डिफेंस एस्टेट फेस−1 स्थित श्रीराम पार्क में राजेंद्र प्रसाद गोयल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन आनंद की अमृत वर्षा हुई। नंद घर आनंद भयौ जय कन्हैया लाल की…भजन की धुन पर भक्त जमकर झूमे। नंदोत्सव मनाते हुए उपहार खूब लुटाए गए।

मुख्य यजमान सुनील गोयल एव श्वेता गोयल ने भागवत की आरती उतारी। दीपक गोयल और तनु गोयल ने नंद बाबा और यशोदा बनकर कान्हा के जन्म पर बधाइयां लुटायीं। कथा पंडाल में उपस्थित भक्तजनों ने बड़े ही धैर्य के साथ नंदबाबा और यशोदा मैया को बधाइयां दीं और उपहार प्राप्त किये।
इस प्रसंग से पूर्व कथा व्यास अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान ज्ञान की महिमा के बारे में श्रद्धालु जनों को बताया कि मनुष्य को गृहस्थ जीवन जीने के लिए भगवान शिव के आदर्शों पर चलना चाहिए। भगवान श्री राम एवं भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का सुन्दर वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म का बोलबाला होता है तब-तब भगवान किसी ना किसी रूप में धरती पर अवतरित होकर असुरों का नाश करते हैं, जिससे अधर्म पर धर्म की विजय होती है।
कथा के बाद भक्तों ने प्रदीप कृष्ण ठाकुर, वृंदावन धाम के मार्गदर्शन में ब्रज की विशेष रासलीला के मंचन का आनंद लिया।
पंकज बंसल ने बताया कि सोमवार को पांचवें दिन श्रीकृष्ण अवतार बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा प्रसंग होंगे। कथा में रवि गोयल, आरती गोयल, मनमोहन गोयल, पवन गोयल, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, कल्याण प्रसाद मंगल, राजेश मित्तल आदि उपस्थित रहे।