धर्म की हुई विजय, अधर्म का हुआ अंतः श्रीकृष्ण लीला में कंस वध लीला में गूंजे श्रीकृष्ण के जयघोष

आगरा। बल्केश्वर गौशाला प्रांगण में चल रहे भव्य श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के दसवें दिन धर्म की विजय और अधर्म के अंत का प्रतीक दृश्य उपस्थित हुआ। अत्याचारी कंसासुर वध की लीला ने भक्तों के मन में रोमांच और भक्ति का सैलाब भर दिया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण ने कंस का वध किया, पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण! जय गोविंद! के जयघोषों से गूंज उठा और भक्तों ने इस दिव्य क्षण को आराधना की अनुभूति के साथ आत्मसात किया।

Nov 3, 2025 - 22:59
 0
धर्म की हुई विजय, अधर्म का हुआ अंतः श्रीकृष्ण लीला  में कंस वध लीला में गूंजे श्रीकृष्ण के जयघोष
बल्केश्वर गौशाला प्रांगण में चल रहे श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में कंस वध लीला की एक झलक। धू-धू कर जलता कंस का पुतला।

मुख्य अतिथि फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद अध्यक्ष पूरन डावर ने मंच पर विराजमान श्रीकृष्ण, बलराम और अन्य स्वरूपों की आरती उतारी। इस अवसर पर अग्रवाल महासभा से सतेंद्र अग्रवाल, वीरेंद्र जैन, पंकज मोहन शर्मा, मनोज नागा, वीके गोयल और पार्षद धर्मवीर डीके चौधरी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

दिव्य लीलाओं का हुआ अलौकिक मंचन

लीला की शुरुआत भीम केशी और व्योमासुर वध के प्रसंग से हुई। इसके बाद नारदजी की स्तुति, कंस दरबार का संदेश और अक्रूरजी द्वारा श्रीकृष्ण-बलराम को मथुरा बुलाने की कथा प्रस्तुत की गई।
अक्रूर गमन, गोपियों का विरह, श्रीकृष्ण का सांत्वना भाव, यमुना बाग में प्रवास और मथुरा प्रवेश के भावपूर्ण दृश्य ने जनमानस को भावविभोर कर दिया।

इसके उपरांत रजक वध, दर्जी पर कृपा, कुवलियापीड हाथी मोक्ष, धनुष भंग, अखाड़ा युद्ध, और अंततः कंस वध के दृश्य का मंचन हुआ। जैसे ही कंस का वध हुआ, पूरा वातावरण “हरि बोल! जय श्रीकृष्ण!” के नारों से गूंज उठा।

उग्रसेन का राज्याभिषेक और वसुदेव-देवकी की कारागार से मुक्ति का प्रसंग दर्शकों को भावनात्मक ऊँचाई पर ले गया। इसके बाद भव्य आतिशबाजी के बीच 90 फुट ऊंचे कंस के पुतले का दहन हुआ। आतिशबाजी में जय श्रीकृष्ण, राधे राधे और भारत माता की जय के उद्घोष ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कल निकलेगी श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय झांकियाँ इसका मुख्य आकर्षण रहेंगी।
शोभायात्रा गौशाला प्रांगण से आरंभ होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, सुभाष बाजार, किनारी बाजार, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज आदि मार्गों से होते हुए पुनः गौशाला प्रांगण पहुँचेगी।

गिर्राज बंसल, विष्णु अग्रवाल, मनोज बंसल, अशोक गोयल, संजय गर्ग, लक्ष्मण शर्मा, ब्रजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, अनीश अग्रवाल, विनीत, केसी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor