‘राम-भरत मिलाप’ प्रसंग ने भिगोई श्रद्धालुओं की आंखें, परखम में उमड़ा आस्था का सागर, व्यास पीठ से स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज बोले- गौ-सेवा सर्वोपरि तीर्थ

गऊ ग्राम (फरह), मथुरा। दीनदयाल कामधेनु गौशाला अनुसंधान केंद्र, परखम में आयोजित श्रीराम कथा के षष्ठम दिवस पर भक्ति, भाव और वैराग्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्यासपीठ पर विराजमान स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के श्रीमुख से राम-भरत मिलाप प्रसंग का ऐसा सजीव और हृदयस्पर्शी वर्णन हुआ कि पूरा पांडाल भाव-विभोर हो उठा और श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

Apr 15, 2026 - 18:07
Apr 15, 2026 - 18:07
 0
‘राम-भरत मिलाप’ प्रसंग ने भिगोई श्रद्धालुओं की आंखें, परखम में उमड़ा आस्था का सागर, व्यास पीठ से स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज बोले- गौ-सेवा सर्वोपरि तीर्थ
दीनदयाल कामधेनु गौशाला अनुसंधान केंद्र, परखम में आयोजित श्रीराम कथा के षष्ठम दिवस राम-भरत मिलाप प्रसंग का वर्णन करते कथाव्यास स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज।

कथा के दौरान भगवान श्रीराम के वनवास, अयोध्यावासियों के विरह और भरत मिलाप की मार्मिक झांकी ने वातावरण को पूरी तरह राममय बना दिया। स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने श्रीराम को ‘वैराग्य कुल भूषण’ बताते हुए कहा कि रामकथा का श्रवण मनुष्य के अंतःकरण को शुद्ध कर समस्त विकारों का नाश करता है।

गौ-सेवा को बताया सर्वोपरि

अपने प्रवचन में स्वामी कैलाशानंद गिरि ने गौ-माता की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि निःस्वार्थ भाव से की गई गौ-सेवा समस्त तीर्थों के दर्शन से भी अधिक पुण्यदायी है और यही सच्चे धर्म का मार्ग है।

कथा के इस दिव्य अवसर पर कई मूर्धन्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से माधव दास मौनी बाबा, मधुसूदन जी महाराज, स्वामी कृष्णानंद, सत्यमित्रानंद और स्वामी सत्यानंद गिरि महाराज ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।

श्रीराम कथा में मौजूद श्रद्धालुजन।

विशिष्ट अतिथियों की रही भागीदारी

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान श्रीमती साधना कौशिक एवं श्री सुरेश कौशिक द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय समेत कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

इसके अलावा अजीत महापात्र, इंजीनियर उमेश शर्मा, अभिषेक गौड़, महेन्द्र, के लक्ष्मण, सतीश अवाना, राजकुमार सहयोगी सहित अनेक गणमान्य जनों ने कथा का श्रवण किया।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

कार्यक्रम में गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, अलीगढ़, मेरठ, फरीदाबाद, बुलंदशहर और कासगंज सहित विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने रामकथा का लाभ लिया। आयोजन का संचालन पवन दत्त मिश्र द्वारा ओजस्वी ढंग से किया गया।

आयोजकों के अनुसार, इस भव्य रामकथा का सीधा प्रसारण संस्कार टीवी और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु इस आध्यात्मिक प्रवाह से जुड़ रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor