एत्मादपुर को मिली 63.45 लाख की सड़क परियोजना की सौगात, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने किया भूमि पूजन, सीएचसी से कुबेरपुर रोड तक बनेगी 850 मीटर लंबी सड़क

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एत्मादपुर से होकर एत्मादपुर-कुबेरपुर रोड तक जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना पर 63.45 लाख रुपये की लागत आएगी और इसके पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।

Jun 8, 2026 - 18:03
 0
एत्मादपुर को मिली 63.45 लाख की सड़क परियोजना की सौगात, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने किया भूमि पूजन, सीएचसी से कुबेरपुर रोड तक बनेगी 850 मीटर लंबी सड़क
एत्मादपुर में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और क्षेत्रीय विधायक डॊ. धर्म पाल सिंह।

निर्माणाधीन सड़क एनएच-2 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर होते हुए एत्मादपुर-कुबेरपुर रोड तक बनाई जाएगी। सड़क की कुल लंबाई 850 मीटर तथा चौड़ाई 4 मीटर होगी। इसके निर्माण पर 63.45 लाख रुपये की लागत आएगी। साथ ही लगभग 200 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य भी कराया जाएगा, जिससे मार्ग और अधिक सुविधाजनक एवं टिकाऊ बन सके।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास में बेहतर सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सड़क निर्माण से आमजन को सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।

एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं को लेकर लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने एत्मादपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाले लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने समाज बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

भूमि पूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

SP_Singh AURGURU Editor